Planting Pineapples In Pots : क्या आप जानते हैं कि जिस अनानास के ऊपरी हिस्से (क्राउन) को हम बेकार समझकर फेंक देते हैं, उसकी मदद से आप गमले में नया पौधा बना सकते हैं? जी हां, अगर आप बालकनी में एक शानदार ‘ट्रॉपिकल गार्डन’ बनाने की सोच रहे हैं तो इनकी मदद ले सकते हैं. हालाकि घर पर अनानास उगाना आसान नहीं है और इसके लिए धैर्य की भी जरूरत होती है. लेकिन अगर आप सही तकनीक जान लें तो इस रसीले फल को अपने घर की छत पर आसानी से उगा सकते हैं. तो चलिए जानते हैं पाइन एप्पल क्राउन से आप अपना खुद का अनानास का पौधा किस तरह तैयार कर सकते हैं.
1. क्राउन को करें तैयार करें
सबसे पहले एक फ्रेश अनानास लें, जिसके पत्ते एकदम हरे हों. उसके पत्तों वाले हिस्से (क्राउन) को पकड़कर थोड़ा घुमाएं, वो आसानी से निकल आएगा. अब नीचे की कुछ छोटी पत्तियों को तोड़कर हटा दें ताकि आपको तने का थोड़ा हिस्सा दिखने लगे.
- प्रो टिप: इसे तुरंत मिट्टी में न लगाएं. 2-3 दिन के लिए किसी छाया वाली जगह पर छोड़ दें ताकि इसका निचला हिस्सा सूख जाए. अगर आप गीला ही लगा देंगे, तो इसके सड़ने का चांस रहता है.
2. गमला और मिट्टी कैसा हो
अनानास को ऐसी मिट्टी पसंद है जिसमें पानी रुके नहीं. आप नॉर्मल मिट्टी में थोड़ी रेत (बालू) और खाद मिला लें. गमला ऐसा लें जिसमें नीचे छेद हों ताकि एक्स्ट्रा पानी बाहर निकल सके. अनानास को ‘गीले पैर’ पसंद नहीं हैं, उसे बस थोड़ी नमी चाहिए.
3. लगाने का तरीका
जब क्राउन का निचला हिस्सा सूख जाए, तो उसे गमले के बीच में लगा दें. मिट्टी को हल्का सा दबा दें ताकि पौधा हिले नहीं. शुरू में बस थोड़ा सा पानी दें. याद रखें, पानी हमेशा जड़ों में डालें, पत्तों के बीच में पानी जमा नहीं होना चाहिए, वरना पौधा खराब हो सकता है.
4. धूप जरूरी
अनानास को धूप से बहुत प्यार है. इसे अपनी बालकनी या छत की उस जगह रखें जहाँ अच्छी धूप आती हो. अगर इसे कम से कम 5-6 घंटे की धूप मिलेगी, तो इसके पत्ते एकदम चमकदार और मजबूत बनेंगे. रही बात पानी की, तो जब गमले की मिट्टी ऊपर से सूखी दिखे, तभी पानी डालें. हफ्ते में एक-दो बार पानी देना काफी होता है.
यहाँ आपको थोड़ा सब्र रखना होगा. अनानास कोई धनिया या पुदीना नहीं है जो हफ्ते भर में उग जाए. यह धीरे-धीरे बढ़ता है. पहले इसमें शानदार लंबी पत्तियां आएंगी, जो देखने में किसी शो-प्लांट जैसी लगती हैं. लगभग एक-डेढ़ साल बाद, इसके बीच से एक छोटा सा फूल निकलेगा और फिर बनेगा आपका अपना अनानास.
जब फल का रंग सुनहरा पीला हो जाए और उसमें से खुशबू आने लगे, तो समझ जाइए कि आपकी मेहनत रंग लाई है. यकीन मानिए, अपने हाथ से उगाए अनानास का स्वाद बाज़ार वाले फल से कहीं ज्यादा मीठा होता है!
.