मासूम ने मिड-डे मील खाया-हैंडपंप से पानी पीया, सूज गया चेहरा और फिर मौत

Last Updated:

Satna News: पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण की पुष्टि हो पाएगी. शिक्षा विभाग के अधिकारियों का मानना है कि बच्चे को संभवतः किसी जहरीले कीड़े ने काटा है. वहीं प्रशासन ने मिड-डे मील के साथ-साथ सूखा अनाज और हैंडपंप के पानी का सैंपल ले लिया है.

Zoom

प्रशासनिक टीम भी बच्चे की मौत की जांच कर रही है.

रिपोर्ट- शिवेंद्र सिंह बघेल, सतना. मध्य प्रदेश के सतना जिले के आदिवासी बाहुल्य मझगवां के गोपालपुर शासकीय प्राथमिक विद्यालय में एक मासूम छात्र की मौत से हड़कंप मच गया. छात्र ने स्कूल में मध्याह्न भोजन किया और फिर हैंडपंप का पानी पीया. इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई. अस्पताल पहुंचने से पहले ही मासूम की मौत हो गई. मृतक छात्र कक्षा एक में पढ़ता था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस और प्रशासनिक टीम घटना की बारीकी से जांच कर रही है.

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र उमाकांत विश्वकर्मा ने स्कूल में मध्याह्न भोजन किया था. भोजन के बाद छात्र ने हैंडपंप से पानी पीया और बच्चों के साथ खेलने चला गया. कुछ देर बाद ही अचानक बच्चे के शरीर और आंखों में सूजन आने लगी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रधानाध्यापक ने तत्काल परिजनों को सूचना दी. परिजनों की उपस्थिति में बच्चे को गांव के ही एक निजी चिकित्सक को दिखाया गया, जिन्होंने स्थिति बिगड़ती देख उसे मझगवां के बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी. जब तक परिजन आगे की तैयारी करते, बच्चे ने दम तोड़ दिया. मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

प्रशासनिक टीम भी कर रही जांच
छात्र की इस तरह मौत की सूचना मिलते ही सतना जिला शिक्षा अधिकारी मझगवां बीआरसीसी जगतेंद्र मणि त्रिपाठी, नायब तहसीलदार सुदामा प्रसाद और बरौंधा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. साथ ही जिला शिक्षा विभाग की टीम भी मामले की जांच-पड़ताल के लिए गोपालपुर पहुंची. बच्चे की मौत का स्पष्ट कारण अज्ञात है और प्रशासनिक टीम मामले की बारीकी से जांच कर रही है. मृत बच्चे का पोस्टमार्टम कराया गया है. जिसके बाद मौत के कारण की पुष्टि हो पाएगी. शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों का मानना है कि बच्चे को संभवतः किसी जहरीले कीड़े ने काटा है. एहतियात के तौर पर प्रशासन ने मिड-डे मील के साथ-साथ सूखे अनाज और हैंडपंप के पानी के सैंपल ले लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है.

साथी छात्र ने भी खाया था खाना
साथी छात्र ने बताया कि उसने भी स्कूल में खाना खाया था. उमाकांत खाना खाने के बाद खेलने चला गया था. वहां हैंडपंप से पानी पीया. जब वह वापस आया, तो उसके आंखों और गाल पर सूजन थी. उसकी तबीयत बिगड़ने लगी थी.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
सतना के जिला समन्वयक शिक्षा विष्णुकांत त्रिपाठी ने कहा कि बच्चा स्कूल आया था. उसने खाना खाया. इसके बाद बच्चे खेलने लगे. अचानक उसके चेहरे पर सूजन आई. टीचर ने जानकारी मिलते ही परिजनों को सूचना दी लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका. प्राथमिक तौर पर उन्हें लगता है कि किसी जहरीले कीड़े ने बच्चे को काटा है. स्कूल के खाद्यान्न और हैंडपंप के पानी के सैंपल परीक्षण के लिए भेजे गए हैं. जांच की जा रही है. वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण का पता चल सकेगा.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *