भास्कर संवाददाता | रायसेन मंगलवार को गोली लगने से घायल डिप्टी रेंजर और एक महिला को समय पर 108 एंबुलेंस नहीं मिली। दोनों को भोपाल रेफर किया गया था, लेकिन दो घंटे तक वाहन उपलब्ध नहीं हुआ। आखिरकार, परिजन निजी वाहन से उन्हें लेकर रवाना हुए। मामले में सीएमएचओ ने दोषियों पर कार्रवाई के लिए 108 प्रोजेक्ट हेड को पत्र लिखा है। घटना मंगलवार 17 फरवरी की है। डॉक्टर ने दोनों घायलों को भोपाल रेफर किया था। परिजनों ने 108 पर कॉल किया। जिला समन्वयक 108 को सीएमएचओ, सिविल सर्जन और जिला नोडल अधिकारी 108 ने दूरभाष पर निर्देश दिए कि परिसर में खड़ी एंबुलेंस तत्काल उपलब्ध कराई जाए। आरोप है कि निर्देश के बाद भी दो घंटे तक एंबुलेंस नहीं भेजी गई। घायलों की हालत को देखते हुए परिजन निजी वाहन से भोपाल रवाना हुए। सीएमएचओ ने भोपाल स्थित एकीकृत कॉल सेंटर के प्रोजेक्ट हेड (मेसर्स जेएईएस) को लिखे पत्र में कहा है कि 108 वाहन तय समय-सीमा में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जिले में लापरवाही सामने आ रही है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की छवि प्रभावित हो रही है। इस लापरवाही के लिए जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई कर कार्यालय को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं। .