Indore News: 24 किन्नरों के जहर पीने के मामले में सपना हाजी गिरफ्तार, पुलिस ने जेल भेजा, 3 आरोपी फरार

Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर में ट्रांसजेंडर समुदाय के दो गुटों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद ने बुधवार रात भयावह रूप ले लिया. एक गुट के 24 सदस्यों ने कथित रूप से फिनाइल पीकर सामूहिक आत्महत्या का प्रयास किया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने गुरुवार को एक गुट की प्रमुख सपना गुरु उर्फ सपना हाजी (55) को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हैं.

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया, पंढरीनाथ थाना क्षेत्र के नंदलालपुरा डेरे में रहने वाले ट्रांसजेंडरों के दूसरे गुट ने शिकायत दर्ज कराई. आरोप है कि सपना हाजी और उसके साथी राजा हाशमी, कथित पत्रकार पंकज जैन व अक्षय कुमायूं ने समुदाय के सम्मेलन के लिए एकत्रित धरोहर राशि लौटाने से इनकार कर दिया. इसके अलावा, उन्होंने मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और लंबे समय से शोषण व ब्लैकमेलिंग का सहारा लिया. प्रताड़ना से तंग आकर 24 सदस्यों ने रात में फिनाइल गटक लिया.

सपना हाजी 15 दिन की न्यायिक हिरासत में
सभी घायलों को तत्काल शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवायएच) पहुंचाया गया. चिकित्सकों के अनुसार, सभी की हालत स्थिर है. कोई जान का खतरा नहीं. दंडोतिया ने कहा, “सपना हाजी को भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां उसे 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, बाकी तीनों आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगी हैं.”

खतरा अब भी, 300 सदस्य करेंगे आत्मदाह!
नंदलालपुरा व एमआर-10 इलाकों में सक्रिय दो प्रमुख गुट पायल गुरु व सपना हाजी के बीच वर्चस्व, गुरु पद (गद्दी), धन लेन-देन व करीब 200 करोड़ रुपये की संपत्ति (आलीशान मकान, गाड़ियां व ज्वेलरी सहित) को लेकर सालों से टकराव चल रहा. मुख्य गुरु की मौत के बाद पायल गुरु को गद्दी मिली, लेकिन सपना हाजी गुट ने इसे चुनौती दी. आरोपों में रेप, बंधुआ मजदूरी व जबरन नेग वसूली भी शामिल हैं. नेहा कुंवर जैसी प्रभावित सदस्यों ने दावा किया कि सपना हाजी गुट 16 वर्षों से समुदाय का शोषण कर रहा. नेहा ने बुधवार रात एमवायएच परिसर में पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने रोक लिया. उन्होंने चेतावनी दी, “अगर न्याय न मिला तो 300 सदस्य आत्मदाह को मजबूर होंगे.”

सांसद ने भी शिकायत
वहीं, बीजेपी सांसद शंकर लालवानी सहित प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह से मिलकर निष्पक्ष जांच व कड़ी कार्रवाई की मांग की. लालवानी ने कहा, “यह विवाद शहर की छवि बिगाड़ रहा. असली कारणों की गहन जांच जरूरी.” पुलिस ने बताया कि जांच जारी है, जिसमें कुकर्म व ब्लैकमेलिंग के पहलू भी शामिल हैं.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *