एथलेटिक्स में भारत की नई उड़ान, Bhubaneswar में पहली बार होगी World Indoor Championship 2028

भारत को बृहस्पतिवार को पोलैंड में हुई विश्व एथलेटिक्स परिषद की बैठक में प्रतिष्ठित विश्व इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी के अधिकार सौंपे गए जिसका आयोजन भुवनेश्वर में किया जाएगा।
यह फैसला पोलैंड के तोरून में 2025 विश्व इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप शुरू होने से ठीक एक दिन पहले अंतरराष्ट्रीय संस्था की बैठक में लिया गया।
विश्व एथलेटिक्स के उपाध्यक्ष आदिल सुमारिवाला ने पोलैंड से पीटीआई को बताया, ‘‘भारत को साल 2028 के लिए विश्व इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी सौंपी गई है। ’’

भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने इस साल की शुरुआत में विश्व इंडोर चैंपियनशिप के लिए अपनी दावेदारी पेश की थी।
जनवरी में विश्व एथलेटिक्स की दो सदस्यीय टीम ने भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम परिसर में बनी अत्याधुनिक इंडोर सुविधा का दौरा किया था।
सुमारिवाला विश्व एथलेटिक्स परिषद के सदस्य और एएफआई के पूर्व अध्यक्ष भी हैं। उनके साथ ओडिशा सरकार के अधिकारी भी पोलैंड के शहर गए थे।
एएफआई के अध्यक्ष बहादुर सिंह सागू ने कहा कि यह घटनाक्रम अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय एथलेटिक्स के बढ़ते कद का संकेत है।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत को 2028 विश्व एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप मिलना भारतीय एथलेटिक्स के बढ़ते कद का प्रतीक है। जब से भाला फेंक के दिग्गज खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने लगातार ओलंपिक और विश्व पदक जीते हैं तब से भारतीय ट्रैक एंड फील्ड पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। ’’

इससे पहले न्यूजीलैंड ने भी 2028 विश्व इंडोर चैंपियनशिप की मेजबानी करने में दिलचस्पी दिखाई थी। यह प्रतियोगिता हर दो साल में आयोजित की जाती है।
विश्व इंडोर चैंपियनशिप में आम तौर पर 26 स्पर्धाएं होती हैं जिसमें पुरुषों और महिलाओं के लिए 13-13 स्पर्धाएं शामिल हैं। लेकिन पोलैंड के इस चरण में चार गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले पहली बार कराई जाएगी।

.

Source link

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *