पाकिस्तान के साथ नहीं खेलेगा भारत, BCCI ने साफ किया रुख; कहा- देश सबसे पहले


2025 एशिया कप ट्रॉफी विवाद के बीच आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष अरुण धूमल ने भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ किया कि भारत-पाकिस्तान द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलेंगे. धूमल ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि बीसीसीआई के लिए देश सबसे पहले है, क्रिकेट उसके बाद. 

अरुण धूमल ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, “सरकार का फैसला है कि पाकिस्तान के साथ भारत द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलेगा. हम इस फैसले का स्वागत करते हैं. सरकार का जो रुख होगा, बीसीसीआई का भी वही रुख होगा. बीसीसीआई के लिए देश सबसे पहले है, क्रिकेट उसके बाद है.”

उन्होंने आगे कहा, “मैं मानता हूं भारत-पाकिस्तान मैच को ज्यादा तरजीह दी गई है. अब पहले जैसी प्रतियोगिता नहीं रही है. अगर किसी भी भारतीय से पूछें कि 24 पाकिस्तान खिलाड़ियों के नाम बताइए, तो शायद उन्हें याद भी नहीं होगा. जब हम पाकिस्तान की बात करते हैं, तो अभी भी लोगों के ज़हन में वसीम अकरम, वकार युनुस और शोएब अख्तर जैसे खिलाड़ियों का नाम आता है, लेकिन अब ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं. मैं मानता हूं कि इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के साथ हमारा ज्यादा बेहतर मुकाबला होता है. पाकिस्तान हमारा पड़ोसी देश है. दोनों देशों के बीच रिश्तों में तनाव के चलते भारत-पाकिस्तान मैच को ज्यादा तरजीह दी जाती है. हम निश्चित तौर पर विश्व की श्रेष्ठ टीम को हराने के काबिल हैं.”

आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के बर्ताव को लेकर कहा, “कई चीज ऐसी हुईं, जो नहीं होनी चाहिए थी, लेकिन अब जो हो गया उसकी हमें बात नहीं करनी चाहिए. भारतीय टीम ने जो शानदार प्रदर्शन किया, उसके लिए हम एक बार फिर उनको मुबारकबाद देते हैं.”

उन्होंने भारतीय टीम की तारीफ करते हुए कहा, “शिखर तक पहुंचना बहुत आसान होता है, लेकिन उस मुकाम पर बने रहना बहुत मुश्किल होता है. भारत नंबर एक टीम है, जिस तरह से टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी मैच जीते, उसके लिए मैं भारतीय टीम को बहुत बधाई देना चाहता हूं. कप्तान सूर्यकुमार यादव और टीम के सभी सदस्यों को बधाई, जिन्होंने दिखाया कि वह विश्व की बेस्ट टीम है.”

.

Source link

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *