बारिश का मौसम आते ही जहां ठंडी हवाएं और हरियाली मन को सुकून देती हैं, वहीं दूसरी तरफ यही मौसम कई बीमारियों को भी साथ लेकर आता है. इस दौरान हवा में नमी बढ़ जाती है, जिसकी वजह से करोड़ों तरह के बैक्टीरिया, वायरस और फंगस तेजी से पनपते हैं. ये सूक्ष्म जीव शरीर में घुसकर पेट की परेशानी, स्किन इंफेक्शन, लिवर और किडनी से जुड़ी बीमारियां भी फैला सकते हैं. डॉक्टर मानते हैं कि बरसात में बीमारियों से बचने का सबसे अच्छा तरीका है अपनी इम्यूनिटी को मजबूत करना. अगर शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी अच्छी होगी, तो छोटे-मोटे इंफेक्शन खुद ही खत्म हो जाएंगे. इसके लिए हेल्दी डाइट लेना जरूरी है. ताजा फल, हरी सब्जियां, घर का बना खाना और कुछ खास फूड्स आपकी इम्यूनिटी को प्राकृतिक तरीके से मजबूत बना सकते हैं.
इंडियन एक्सप्रेस में डायटीशन मीनल शाह ने इस मौसम में शरीर को बीमारियों से दूर रखने के लिए कुछ फूड सुझाएं हैं जिससे शरीर को बीमारियों के खिलाफ ढाल बनाया जा सकता है.
इन 7 फूड को करें शामिल
1. हरी मिर्च- बरसात में कई सब्जियों और मसालों पर बैक्टीरिया और फंगस का असर हो सकता है, लेकिन हरी मिर्च इस खतरे से काफी हद तक सुरक्षित रहती है. इसमें पाइपराइन अल्कलॉइड, विटामिन सी और के के साथ कई एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं. ये शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं और इंफेक्शन का खतरा कम करते हैं. इसके अलावा हरी मिर्च गैस और पाचन संबंधी दिक्कतों में भी राहत देती है.
2. ताजे फल-बरसात में बाजार से कटे हुए फल या बाहर रखे खराब दिखने वाले फलों से बचना चाहिए. इसके बजाय घर पर धोकर ताजे फल खाएं. इस मौसम में आड़ू, आलूबुखारा, चेरी, जामुन और अनार अच्छे विकल्प हैं. इनमें विटामिन ए और सी, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो शरीर को वायरस और बैक्टीरिया से लड़ने की ताकत देते हैं.
3. तरल पदार्थ-बरसात में अक्सर लोग पानी पीना कम कर देते हैं, जिससे शरीर डिहाइड्रेट हो जाता है. डिहाइड्रेशन सीधे इम्यूनिटी को कमजोर करता है. इसलिए इस मौसम में सूप, ग्रीन टी, मसाला चाय, दाल का पानी और छाछ जैसे तरल पदार्थ जरूर लें. ये न केवल शरीर को हाइड्रेट रखते हैं बल्कि मेटाबॉलिज्म को भी दुरुस्त करते हैं.
4. प्रोबायोटिक्स- आंतों में मौजूद गुड बैक्टीरिया हमारे पाचन को दुरुस्त रखते हैं और हानिकारक बैक्टीरिया से लड़ने में मदद करते हैं. बारिश में आंतों की सेहत बिगड़ना आम है, ऐसे में दही, छाछ, बटरमिल्क और अचार जैसे प्रोबायोटिक फूड्स का सेवन करें. ये इम्यूनिटी को मजबूत करेंगे और पेट की परेशानियों से बचाएंगे.
5. प्रोटीन- बरसात में शरीर को वायरस और बैक्टीरिया से बचाने के लिए प्रोटीन की पर्याप्त मात्रा जरूरी है. यह शरीर की हर कोशिका को मजबूत बनाता है और इम्यून सिस्टम को सक्रिय रखता है. प्रोटीन के लिए दूध, दालें (खासकर मूंग और मसूर), छोले, राजमा, सोया, अंडा और चिकन अच्छे स्रोत हैं.
6. लहसुन और अदरक- लहसुन और अदरक दोनों ही प्राकृतिक एंटीबायोटिक माने जाते हैं. इनमें ऐसे तत्व पाए जाते हैं जो सर्दी-जुकाम, बुखार और वायरल इंफेक्शन से बचाते हैं. अदरक की चाय में अगर शहद मिलाकर पी जाए, तो यह गले की खराश दूर करने के साथ इम्यूनिटी को भी तुरंत बढ़ाती है.
7. हल्दी- हल्दी को भारतीय घरों में दवा की तरह इस्तेमाल किया जाता है. इसमें पाया जाने वाला करक्यूमिन कंपाउंड शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट और एंटीमाइक्रोबियल गुणों से भरपूर है. हल्दी संक्रमण से बचाने के साथ-साथ एंटीमलेरियल असर भी दिखाती है. इसे दूध या चाय में डालकर पिया जा सकता है.