World Billionaires List: दुनिया में अरबपतियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और इस मामले में अब चीन ने अमेरिका को पीछे छोड़ दिया है. ताजा रिपोर्ट के मुताबिक वैश्विक स्तर पर कुल 4,020 अरबपति हैं, जिनमें से अकेले चीन में ही 1,110 अरबपति हो चुके हैं. गुरुवार को शंघाई स्थित रिसर्च संस्था Hurun Report की ओर से जारी Hurun Global Rich List में यह जानकारी दी गई है.
रिपोर्ट के अनुसार चीन में पिछले एक साल में 287 नए अरबपति जुड़े हैं, जिससे वह इस सूची में पहले स्थान पर पहुंच गया है. South China Morning Post के मुताबिक, हरुन ग्रुप के चेयरमैन और चीफ रिसर्चर Rupert Hoogewerf ने कहा कि आने वाले समय में आर्थिक शक्ति का फोकस टेक्नोलॉजी और उभरते उद्योगों पर रहेगा. चीन के नए अरबपतियों में ज्यादातर लोग इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स, सेमीकंडक्टर, हेल्थकेयर और एनर्जी सेक्टर से जुड़े हुए हैं.
अरबपतियों की सूची में चीन नंबर-1
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि चीन में बने नए अरबपतियों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बड़ी भूमिका रही है. उदाहरण के तौर पर एआई स्टार्टअप MiniMax के Yan Junjie करीब 3.6 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ अरबपतियों की सूची में शामिल हुए हैं. वहीं एआई कंपनी Zhipu AI के संस्थापक भी लगभग 1.2 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ इस सूची में शामिल हुए हैं.
वैश्विक स्तर पर एआई सेक्टर की वजह से 114 नए अरबपति बने हैं, जिनमें से 46 पहली बार इस सूची में शामिल हुए हैं. अरबपतियों की संख्या के मामले में अमेरिका 1,000 अरबपतियों के साथ दूसरे स्थान पर है, जहां पिछले एक साल में 130 नए अरबपति जुड़े हैं. वहीं भारत 308 अरबपतियों के साथ तीसरे स्थान पर है. इसके बाद 171 अरबपतियों के साथ जर्मनी चौथे स्थान पर है, जिसने ब्रिटेन को पीछे छोड़ दिया है.
अबरपतियों में अव्वल अमेरिकी
हालांकि कुल संपत्ति के मामले में अब भी अमेरिकी टेक दिग्गजों का दबदबा बना हुआ है. Elon Musk करीब 792 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं. उनके बाद Jeff Bezos लगभग 300 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि Larry Page करीब 281 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक Elon Musk पिछले छह वर्षों में पांचवीं बार दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हैं. उनकी कुल संपत्ति में करीब 89 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जिसकी बड़ी वजह Tesla के शेयरों में आई तेज उछाल को माना जा रहा है, जो दोगुने होकर लगभग 411 डॉलर तक पहुंच गए हैं.
ये भी पढ़ें: ईरान पर बरस रही US-इजरायल की मिसाइल से उछली तेल की कीमतें, ट्रंप ने दिया बड़ा जवाब
.