बुरहानपुर जिले के नेपानगर में एक व्यक्ति के खाते से ऑनलाइन ठगों ने 2,61,166 रुपए निकाल लिए। ठगों ने पता ठीक करने के बहाने 5 रुपए भेजने को कहा था। इसके बाद पहले 85 हजार रुपए और फिर 1,76,166 रुपए खाते से निकाले गए।
.
पीड़ित युवराज पाटील ने साइबर क्राइम में शिकायत की और मंगलवार को जन सुनवाई में भी आवेदन दिया है। अधिकारियों ने उन्हें मामला एसपी तक ले जाने की सलाह दी है।
पीड़ित ने बताया कि उनके अकाउंट से कुल 2,61,166 रुपए की धोखाधड़ी हुई है। उन्होंने इसकी शिकायत पहले साइबर क्राइम में की थी। मंगलवार को जन सुनवाई में भी आवेदन दिया, जहां अधिकारियों ने उन्हें पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मिलने की सलाह दी।
गूगल पर पार्सल ट्रैक करते समय मिला फर्जी नंबर
पीड़ित के अनुसार, उनका एक पार्सल जलगांव से आने वाला था। स्पीड पोस्ट ट्रैक करने के लिए उन्होंने गूगल पर सर्च किया, जहां एक नंबर मिला। कॉल करने पर व्यक्ति ने कहा कि पता गलत है और उसे ठीक करने के लिए एक दिए गए नंबर पर 5 रुपए भेजने होंगे।
5 रुपए डालते ही खाते से 85 हजार रुपए कटे
पीड़ित ने बताया कि जैसे ही उन्होंने 5 रुपए भेजे, उनके खाते से 85,000 रुपए कट गए। पीड़ित के अनुसार, 13 नवंबर को उनके खाते से दूसरी बार 1,76,166 रुपये की निकासी हुई। इस तरह कुल 2,61,166 रुपये की ठगी हुई। उन्होंने कहा कि उनके पास पार्सल का ट्रैकिंग नंबर नहीं था, इसलिए उन्होंने गूगल ट्रैकिंग का सहारा लिया।
पीड़ित ने अधिकारियों से मामले में कार्रवाई कर ठगी गई राशि वापस दिलाने की मांग की है।