Last Updated:
Ujjain News: मक्सी रोड पर खुदाई के दौरान जलाधारी शिवलिंग मिलने से क्षेत्र में आस्था का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पूजन-अभिषेक किया. लोगों ने यहां भव्य मंदिर बनाकर शिवलिंग स्थापित करने का संकल्प भी लिया. जानें पूरा माजरा…
Ujjain News. विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में आए दिन कई ऐसे चमत्कार देखने को मिलते हैं, जो श्रद्धालुओं को हैरान कर देते हैं. ऐसा ही एक चमत्कार उज्जैन के मक्सी रोड पर स्थित ताजपुर चौपाटी के पास हुआ. यहा उस समय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जब एमपीईबी ऑफिस के समीप हो रही खुदाई के दौरान जमीन के अंदर से जलाधारी सहित प्राचीन शिवलिंग निकल आया. जैसे ही यह खबर आसपास के गांवों में फैली, बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर पहुंचने लगे. देखते ही देखते आस्था का माहौल बन गया. लोगों ने शिवलिंग की पूजा-अर्चना शुरू कर दी.
कई श्रद्धालु फूल, बेलपत्र और प्रसाद लेकर पहुंचे. भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन किया. स्थानीय लोगों का मानना है कि जमीन के अंदर से शिवलिंग का निकलना चमत्कारिक घटना है, इसलिए हर कोई इसे देखने और भगवान शिव के दर्शन के लिए उत्साहित रहा. कुछ ही समय में वहां भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे माहौल पूरी तरह धार्मिक और श्रद्धामय हो गया. भीड़ बढ़ने की सूचना मिलते ही पंवासा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए लोगों से शांति और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की. फिलहाल मौके पर लोगों का आना-जाना लगातार जारी है और श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन कर आशीर्वाद ले रहे हैं.
एमपीईबी मे प्रकट हुए महादेव!
ग्रामीण रितेश कुमावत ने लोकल 18 को बताया, मक्सी रोड स्थित एमपीईबी ऑफिस के पास जब लोगों की नजर जमीन में दबे एक पत्थर जैसी आकृति पर पड़ी तो करीब से देखने पर वह शिवलिंग जैसा दिखाई दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने उस स्थान पर खुदाई शुरू की. कुछ ही देर में जमीन के अंदर से जलाधारी सहित शिवलिंग निकल आया, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए. खास बात ये कि शिवलिंग के पास सांप की केचुली भी दिखाई दी, जिससे लोगों में इसे लेकर और भी श्रद्धा बढ़ गई. यह खबर आसपास के गांवों में तेजी से फैल गई और थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचने लगे. देखते ही देखते वहां आस्था का माहौल बन गया और लोगों ने भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना शुरू कर दी. कई श्रद्धालु दूध, फूल, बेलपत्र और प्रसाद लेकर पहुंचे और विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन किया.
अब बनेगा भव्य मंदिर
मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया, जिसमें श्रद्धालु शिवलिंग पर दूध चढ़ाते हुए यानी दुग्धाभिषेक करते हुए नजर आ रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि जमीन के अंदर से शिवलिंग का इस तरह प्रकट होना भगवान शिव की कृपा का संकेत है. इसी भावना के साथ गांव के लोगों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया है कि इस स्थान पर एक भव्य मंदिर का निर्माण कराया जाएगा और विधि-विधान के साथ शिवलिंग की स्थापना की जाएगी, ताकि श्रद्धालु यहां आकर नियमित रूप से भगवान शिव के दर्शन और पूजा कर सकें.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें
.