सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के बेला में संपत्ति विवाद को लेकर अपने बुजुर्ग पिता को थार जीप से कुचलकर हत्या करने के आरोप में बेटे को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। टीआई संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि बेला-कोठार निवासी 74 वर्षीय गुरु प्रसाद सिंह बीते 1 मार्च को दोपहर करीब डेढ़ बजे अपने घर के बाहर टहल रहे थे। तभी उनके 46 वर्षीय बेटे अनिल सिंह ने अपनी थार जीप (एमपी 17 जेडआर 7657) से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। संपत्ति को लेकर चल रहा था विवाद
गंभीर हालत में गुरु प्रसाद सिंह को संजय गांधी अस्पताल रीवा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया यह मामला दुर्घटना प्रतीत हो रहा था, जिसके बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। पुलिस की विवेचना में सामने आया कि मृतक गुरु प्रसाद सिंह ने दो विवाह किए थे। आरोपी अनिल सिंह पहली पत्नी का बेटा है और उसका पिता के साथ संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते अनिल ने अपने पिता की हत्या की। कोर्ट ने आरोपी बेटे को भेजा जेल
जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। आरोपी अनिल सिंह को बुधवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में बेला चौकी प्रभारी इंद्रबली सिंह, प्रधान आरक्षक दिलीप सिंह, सीताशरण द्विवेदी, शंकर दयाल मिश्रा, इंद्रजीत अग्निहोत्री और आरक्षक बृजेन्द्र त्रिपाठी की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। .