रीवा में जंगली हाथियों का तांडव, फसलों को रौंदा, मड़ई ढहाई; एक महिला घायल

जिले में जंगली हाथियों के एक जोड़े ने दस्तक देकर ग्रामीणों में दहशत फैला दी है।रेडियो कॉलर लगे हाथियों ने तमरा पहाड़ और आसपास के इलाकों में जमकर उत्पा …और पढ़ें

Publish Date: Fri, 06 Mar 2026 06:27:26 PM (IST)Updated Date: Fri, 06 Mar 2026 06:28:56 PM (IST)

रीवा में जंगली हाथियों का तांडव

HighLights

  1. रीवा के गुढ़ क्षेत्र में हाथियों के जोड़े ने खेतों और घरों में मचाया उत्पात
  2. हमले में एक महिला घायल, कई किसानों की फसलें और मड़ई तबाह
  3. वन विभाग रेडियो कॉलर से हाथियों की लोकेशन ट्रैक कर रहा है

नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों के एक जोड़े ने दस्तक देकर ग्रामीणों में दहशत फैला दी है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से निकले इन रेडियो कॉलर लगे हाथियों ने तमरा पहाड़ और आसपास के इलाकों में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों के हमले में एक महिला घायल हो गई, जबकि कई किसानों की फसलें और एक मड़ई पूरी तरह तबाह हो गई।

देर रात खेतों में मचाया उत्पात

स्थानीय सूत्रों और पूर्व सरपंच हरिनाथ सिंह के अनुसार हाथियों का यह जोड़ा देर रात करीब 1:30 बजे बंसूबाला और तमरा पहाड़ के पास खेतों में पहुंचा। सबसे पहले हाथियों ने विश्वनाथ सिंह के खेत में पत्थरों की बाउंड्री गिरा दी और वहां खड़ी फसल को पैरों तले रौंद दिया।

इसके बाद हाथियों का रुख रामपाल की मड़ई की ओर हुआ। हाथियों की आहट मिलते ही रामपाल वहां से भाग निकले, जिसके बाद हाथियों ने उनकी मड़ई को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

महिला घायल, फसलों को नुकसान

हाथियों के हमले में अमरनाथ लोनिया की पत्नी को मामूली चोटें आई हैं। बताया गया कि जब हाथी उनके घर के करीब पहुंचे तो अफरा-तफरी के दौरान वह घायल हो गईं। ग्रामीणों के अनुसार हाथियों ने बड़े पैमाने पर फसलों को नुकसान पहुंचाया है, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।

वन विभाग को दी सूचना

घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व सरपंच ने क्षेत्रीय पटवारी और वन विभाग के डिप्टी रेंजर को सूचना दी। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के काफी देर बाद तक प्रशासनिक अमला मौके पर नहीं पहुंचा। फिलहाल वन विभाग की टीम रेडियो कॉलर के माध्यम से हाथियों की लोकेशन ट्रैक कर रही है।

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *