रीवा में साधु का बनकर आए दो ठगों ने महिला को अपना निशाना बनाया। पूजा-पाठ के नाम पर ठगों ने मौका देखकर घर से 8-10 सोने के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। …और पढ़ें
HighLights
- साधु के भेष धरकर आए शातिर ठग
- महिला को बातों में फंसाकर की चोरी
- सोने-चांदी के गहनों पर किया हाथ साफ
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा: जिले से ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आस्था की आड़ में अपराधियों ने एक परिवार की जीवन भर की कमाई पर हाथ साफ कर दिया। मामला गुड़ थाना क्षेत्र के ग्राम चौड़िया का है, जहां साधु के भेष में आए दो शातिर ठगों ने एक महिला को अपनी बातों में फंसाकर करीब 8 से 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए।
पीड़ित महिला रेणु कुशवाहा ने बताया कि बीते दिन उनके घर पर दो व्यक्ति साधु के भेष में आए थे। उन्होंने खुद को ‘बालाजी धाम’ से आया हुआ बताया। ठगों ने महिला के परिवार और बच्चों के बारे में कुछ ऐसी बातें बताईं जो बिल्कुल सही थीं, जिससे महिला को उन पर गहरा विश्वास हो गया। विश्वास जीतने के बाद, उन्होंने घर में सुख-शांति और भंडार भरने के लिए विशेष पूजा-पाठ करने का झांसा दिया।
ठगों ने अपनी योजना के अनुसार महिला से चावल के पांच दाने मंगवाए। उन्होंने उन दानों को अभिमंत्रित करने का नाटक किया और महिला से कहा कि इन्हें ले जाकर अपने ‘भंडार गृह’ (जहां अनाज या कीमती सामान रखा जाता है) में रख दे। जैसे ही महिला दाने रखने गई, ठगों ने सावधानी से परिवार के अन्य सदस्यों को भी व्यस्त कर दिया।
महिला के पति रामजी कुशवाहा को पानी लाने के बहाने बाहर भेज दिया गया और खुद महिला को दूसरे कमरे से कागज लाने के लिए भेज दिया। इसी बीच, जब घर के लोग इधर-उधर हुए, तो ठगों ने भंडार गृह में रखे सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में पत्नी को फोन पर Voice Massage भेजकर कहा ‘तलाक तलाक तलाक’, पति के खिलाफ FIR दर्ज
ठगों ने गहनों पर किया हाथ साफ
पीड़ित महिला के अनुसार, चोरों ने भारी मंगलसूत्र, झुमके, हाफ सेट, पजहर और एक फुल सेट सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया, जिसकी कुल कीमत लगभग 8 से 10 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना का पता तब चला जब अगली सुबह महिला ने भंडार गृह जाकर देखा। वहां से न केवल साधु गायब थे, बल्कि गहनों का डिब्बा भी खाली पड़ा था।
ठगी का एहसास होते ही परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़िता ने तुरंत गुड़ थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
.