रीवा में सरेराह गुंडागर्दी, बस से खींचकर युवक को बेरहमी से पीटा; मूकदर्शक बनी रही भीड़

नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। शहर के बिछिया थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। चिरहुलानाथ हनुमान मंदिर गेट के सामने गुरुवार देर रात कुछ बदमाशों ने एक यात्री बस रोककर उसमें सवार युवक को जबरन नीचे उतार लिया और सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बस से उतारकर की पिटाई

जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक ‘गौतम ट्रेवल्स’ की बस में सवार होकर जा रहा था। जैसे ही बस चिरहुला मंदिर के पास पहुंची, वहां पहले से मौजूद करीब 10 से अधिक युवकों ने बस को रुकवा लिया। बदमाशों ने युवक को बस से नीचे उतारकर घेर लिया और लात-घूंसों व डंडों से मारपीट शुरू कर दी।

भीड़ रही मूकदर्शक

घटना के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन बदमाशों के खौफ के कारण कोई भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर सरेआम उत्पात मचाते रहे और लोग तमाशबीन बने रहे।

पुलिस की मौजूदगी पर उठे सवाल

बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान डायल-112 पुलिस वाहन भी मौके पर पहुंच गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस वाहन का सायरन बजता रहा, लेकिन बदमाशों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा और वे युवक की पिटाई करते रहे। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

वायरल वीडियो के आधार पर जांच

बिछिया थाना पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो के आधार पर मामले का संज्ञान लिया गया है। फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- रीवा में जंगली हाथियों का तांडव, फसलों को रौंदा, मड़ई ढहाई; एक महिला घायल

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *