नीमच शहर के केंट थाना क्षेत्र में शनिवार को ईद की खुशियों के बीच चाकूबाजी की एक वारदात सामने आई है। पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। युवक को दोनों हाथों में चोटें आईं हैं। पुलिस के अनुसार, इस झगड़े की जड़ एक दिन पहले यानी शुक्रवार को बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद था। अंबेडकर कॉलोनी के रहने वाले 26 वर्षीय शाहरुख (पुत्र फकीर मोहम्मद) ने बताया कि जब वह बच्चों के झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और देख लेने की धमकी दी थी। नमाज से लौटते वक्त घेरा शनिवार सुबह जब शाहरुख ईद की नमाज पढ़कर घर लौट रहा था, तभी घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उसे रास्ते में रोक लिया। हमलावरों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे उसके हाथ और सीने पर गहरे जख्म आए हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उसे अस्पताल पहुंचाया। नामजद आरोपियों पर केस दर्ज घायल शाहरुख ने अस्पताल में पुलिस को दिए अपने बयान में वईद (पुत्र छूट्टू भाई), वाजिद, टप्पू और कल्ली (सभी पुत्र वईद) पर हमले का आरोप लगाया है। केंट थाना पुलिस ने इन सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की कार्रवाई वारदात के बाद से ही सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है। क्षेत्र में तनाव न फैले और शांति बनी रहे, इसके लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। .