MP में इस शहर के BLO जोश में! फटाफट कर रहे SIR का काम, प्रशासन ने दिया अनोखा ऑफर

Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को तेज करने के लिए प्रशासन ने अनोखी पहल की है. बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLO) को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से फ्री मूवी टिकट, परिवार के साथ डिनर, व्हाइट टाइगर सफारी और थीम कार्निवल जैसे आकर्षक पुरस्कार देने की स्कीम शुरू की गई है. यह ऑफर उन BLO के लिए है, जो अपने बूथ के 100 प्रतिशत मतदाता विवरण का डिजिटाइजेशन समय से पहले पूरा करेंगे.

जिला कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेशों के तहत यह योजना सभी छह विधानसभा क्षेत्रों- गुढ़, मनगवां, रीवा, सेमरिया, सिरमौर और त्योंथर में लागू होगी. अपर कलेक्टर ने 19 नवंबर को सभी एसडीएम को पत्र लिखकर BLO को प्रेरित करने के निर्देश दिए. पत्र में कहा गया कि SIR प्रक्रिया के तहत गणना पत्रकों का शत-प्रतिशत वितरण हो चुका है. BLO घर-घर जाकर मतदाताओं से फॉर्म भरवा रहे हैं, जो BLO प्रथम 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा करेंगे, उन्हें परिवार सहित निम्न सुविधाएं मुफ्त मिलेंगी.

ऑफर में इतनी सुविधाएं 
– फ्री मूवी टिकट विथ फैमिली
– फ्री डिनर विथ फैमिली
– फ्री टिकट गेम जोन फॉर चिल्ड्रन
– फ्री मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी एंड जू विथ फैमिली
– फ्री थीम कार्निवल मेला रीवा विथ फैमिली

बढ़िया कर रहे BLO
कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिभा पाल ने बताया, “20 नवंबर शाम 5 बजे तक 4 लाख 59 हजार 46 गणना पत्रक प्राप्त हो चुके हैं, जिनका डिजिटाइजेशन पूरा हो गया. गुढ़ में 72,261, मनगवां में 76,960, रीवा में 73,443, सेमरिया में 84,549, सिरमौर में 83,662 तथा त्योंथर में 78,741 फॉर्म डिजिटाइज हो चुके हैं. BLO उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं.”

इन BLO ने कर लिया लक्ष्य पूरा
सेमरिया के BLO चंद्रमौली सिंह और मनगवां के मतदान केंद्र 125 (ग्राम हकरिया) के BLO रामलोचन कुशवाहा ने समय से पूर्व लक्ष्य हासिल कर लिया. कलेक्टर ने दोनों को बधाई दी और अन्य BLO से अपील की, “चंद्रमौली व रामलोचन की तरह प्रयास करें. टीमें अच्छा कार्य कर रही हैं.” यह पहल SIR अभियान को गति देगी, जिससे मतदाता सूची की सटीकता बढ़ेगी.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *