मुरैना कृषि उपज मंडी इन दिनों अखाड़ा बन गई है। यहां धान खरीदी को लेकर किसानों और व्यापारियों के बीच हर दिन लाठियां तन रही हैं। गुरुवार को भी भाव को लेकर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बात इतनी बढ़ी कि एक किसान तो लाठी लेकर व्यापारी को मारने ही पहुंच गया। गनीम
.
विवाद की शुरुआत जनकपुर गांव के एक किसान की उपज से हुई। व्यापारी ने धान की क्वालिटी देखकर 2600 रुपए की बोली लगाई। इस पर किसान भड़क गया। उसका कहना था कि कल यही धान 3000 रुपए में बिकी थी, तो आज दाम कम क्यों? व्यापारी ने साफ कह दिया कि क्वालिटी के हिसाब से यही रेट मिलेगा, बेचना हो तो बेचो। इसी तनातनी में किसान आपा खो बैठा और लाठी उठा लाया।
व्यापारी और किसानों के बीच होता विवाद
नगद भुगतान के लालच में भीड़, मिक्स धान ने बिगाड़ा खेल
दरअसल, कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना के निर्देश पर मुरैना मंडी में धान का नगद भुगतान हो रहा है। पैसे तुरंत मिलने के चलते मुरैना के अलावा भिंड, ग्वालियर और डबरा तक के किसान यहां उमड़ रहे हैं। बंपर आवक के बीच पेंच ‘क्वालिटी’ पर फंसा है। एसडीएम भूपेंद्र कुशवाह ने बताया कि कुछ किसान अच्छी और खराब धान मिक्स करके ला रहे हैं, लेकिन दाम टॉप क्वालिटी (3200 रुपए तक) वाला मांग रहे हैं। व्यापारी मिक्स धान का रेट कम लगाते हैं, जिससे विवाद हो रहा है।
SDM बोले- वरिष्ठ अफसरों को बताया है
एसडीएम ने बताया कि यह प्रदेश की एकमात्र मंडी है जहां कैश पेमेंट हो रहा है, इसलिए देश भर के व्यापारी यहां आए हैं। नगद भुगतान के कारण आवक बहुत ज्यादा है। मंडी प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि वे किसानों और व्यापारियों से चर्चा कर बीच का रास्ता निकालें। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भी दे दी गई है।