मऊगंज में वृद्ध दंपती से दिनदहाड़े लूट: बाइक सवार बदमाशों ने महिला से चेन-मंगलसूत्र छीना – Mauganj News


मऊगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की घटना सामने आई है। यहां बाइक सवार दो बदमाशों ने एक वृद्ध दंपति को टक्कर मारकर गिरा दिया और महिला के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए। यह वारदात लौर थाना क्षेत्र के ढनगन गांव के पास हुई। शाहपुर थाना क्षेत्र के खटखरी निवासी बाल गोविंद जायसवाल अपनी पत्नी के साथ जगदर हिनौती गांव से बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही दंपति ढनगन गांव के समीप पहुंचे, पीछे से आ रहे दो बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिर गए। इसी दौरान बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र झपट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही लौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। थानों को किया अलर्ट मऊगंज एसडीओपी सचि पाठक ने बताया कि चलती बाइक में महिला के साथ छीना-झपटी कर चेन लूटने की घटना हुई है। पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और साइबर टीम की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है। सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है और जांच जारी है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *