सुगम ट्रैफिक और बेहतर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल शहर के प्रमुख चौराहों की व्यवस्था देखने पहुंचे। उन्होंने नौलखा चौराहा, वर्ल्ड कप चौराहा, बिचौली मर्दाना चौराहा, निरंजनपुर चौराहा, बापट चौराहा, विजय नगर चौराहा, न्याय नगर चौराहा, लोखंडे ब्रिज के पास और सी-21 के पास स्थित चौराहे के लेर्फ्ट टर्न की स्थिति देखी। इन चौराहों की ट्रैफिक की स्थिति को देखते हुए लेफ्ट टर्न चौड़ीकरण में बाधा बनने वाले अस्थायी और स्थायी कंस्ट्रक्शन को चिह्नित कर नियमानुसार हटाने को बोला, ताकि पीक आवर्स में जाम की स्थिति ना बने। अवैध अतिक्रमण हटाएं, संकेतक लगाएं निगमायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जहां आवश्यक हो वहां लेफ्ट टर्न को चौड़ा करे, अवैध अतिक्रमण हटाएं और रोड मार्किंग स्पष्ट करें व संकेतक लगवाएं। साथ ही ट्रैफिक पुलिस के समन्वय से ट्रैफिक की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने के लिए एक्शन प्लान तैयार करें। निगमायुक्त ने जताई नाराजगी निगमायुक्त ने निरंजनपुर चौराहे के पास बने सार्वजनिक शौचालय को देखा। जहां सफाई व्यवस्था ठीक नहीं मिली। मौके पर रजिस्टर का भी अवलोकन किया, लोगों के फीडबैक के साथ ही यहां ओर भी कमियां मिलीं। इस पर निगमायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित एजेंसी पर पेनल्टी लगाने को कहा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सुविधाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं है। निगमायुक्त ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग, रोजाना की सफाई, फीडबैक रजिस्टर का मैनटेनेंस आदि की सतत जांच करने को कहा। इस दौरान अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, कार्यपालन यंत्री पी.एस. कुशवाह और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। .