ग्वालियर के गोला का मंदिर इलाके में 14 फरवरी की दोपहर बाइक सवार दो युवकों ने एक बुजुर्ग को लिफ्ट देकर उसकी जेब से 50 हजार रुपए चोरी कर लिए। पीड़ित मुरैना निवासी 57 वर्षीय खेमराज शर्मा हैं, जो पशु मेले से भैंस खरीदने के लिए ग्वालियर आए थे। उन्होंने गोला का मंदिर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आवेदन पर सोमवार से जांच शुरू कर दी है। सात नंबर चौराहा पूछकर बनाया विश्वास खेमराज शर्मा दोपहर करीब 2 बजे गोला का मंदिर चौराहे पर बस से उतरकर मेला ग्राउंड जाने के लिए ई-रिक्शा का इंतजार कर रहे थे। तभी स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और सात नंबर चौराहा का रास्ता पूछा। उन्होंने मुरार की तरफ सीधे जाने का रास्ता बताया। इसके बाद युवकों ने पूछा कि वह कहां जा रहे हैं और लिफ्ट देने की बात कही।
ब्रिगेडियर चौराहा पर उतारकर आरोपी फरार युवकों ने खेमराज शर्मा को बाइक पर बैठा लिया और ब्रिगेडियर चौराहा तक लेकर गए। वहां उतारकर दोनों आरोपी बाइक से भाग गए। इसके बाद खेमराज शर्मा ने जेब चेक की तो उसमें रखे 50 हजार रुपए गायब थे। यह राशि भैंस खरीदने के लिए लाई गई थी। आसपास के कैमरों में संदिग्ध बाइक सवार दिखे घटना के बाद पीड़ित ने अपने बेटे को जानकारी दी और गोला का मंदिर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आवेदन लेकर मामले को जांच में लिया है और आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू किए हैं। पुलिस और परिजनों ने घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की। दो अलग-अलग स्थानों के फुटेज में संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए हैं। एक फुटेज में बुजुर्ग व्यक्ति भी आरोपियों की बाइक पर बैठा नजर आ रहा है। पुलिस ने CCTV फुटेज को सुरक्षित कर लिया है और बाइक का नंबर ट्रेस करने की कार्रवाई कर रही है। गोला का मंदिर थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है। .