ग्वालियर में सिर्फ 40 मिनट में चोरी: ड्रेसिंग कराने अस्पताल गए थे, वापस लौटे तो चोर कर गए घर साफ – Gwalior News


ग्वालियर में चोरों ने सिर्फ 40 मिनट में एक सूने घर के ताले चटका दिए और लाखों रुपए के गहने-नकदी समेट ले गए। वारदात ग्वालियर थाटीपुर थाना क्षेत्र के नदी पार टाल श्मशान घाट के पास डॉली एन्क्लेव में रात 12.30 से 1.10 बजे के बीच हुई है। मकान मालिक के हाथ में चोट लग गई थी। वह ड्रेसिंग कराने के लिए मुरार बारादरी चौराहा स्थित एक हॉस्पिटल पहुंचे थे। जब वापस लौटे तो चोरी हो चुकी थी। पुलिस ने रविवार को जांच के बाद मामले में चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस घटना स्थल के आसपास CCTV कैमरे भी खंगाल रही है। जिससे चोरों के बारे में कोई सुराग मिल सके। शहर के थाटीपुर थाना स्थित डॉली एन्क्लेव निवासी धर्मेंद्र सिंह पिता रामनरेश सिंह के हाथ में शनिवार रात 12 बजे चोट लग गई थी। जिस पर वह हाथ की ड्रेसिंग कराने के लिए मुरार बारादरी स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में गए थे। रात का समय था पत्नी और बच्चे भी साथ में थे। जब वह 40 मिनट बाद हाथ पर ड्रेसिंग कराने के बाद वापस लौटे तो पता लगा कि घर पर लगा ताला टूटा हुआ है। घर के अंदर पहुंचे तो अलमारी खुली पड़ी थी और उसका सामान बेड पर बिखरा हुआ था। धर्मेंद्र ने अलमारी का सामान चेक किया तो उसमें रखे जेवरात गायब थे। जिस पर तत्काल उनहोंने मामले की सूचना थाटीपुर थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की है। जिसके बाद रविवार रात शाम को पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। यह सामान गया चोरी चोर फरियादी के घर से अलमारी में रखे सोने का हार, सोने की झुमकी, गोल्ड चेन, लेडीज अंगूठी, बेसर, चांदी की करधोनी, पायजेब व कुछ नकद रुपए चोरी कर ले गए। घर में चोरी होने की जानकारी धर्मेन्द्र ने पुलिस को दी, तो तत्काल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरु की। गली में लगे सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस चोरों ने डॉली इनक्लेव में वारदात को अंजाम दिया, लेकिन वहां सीसीटीवी नहीं लगे। इनक्लेव में जाने का जो रास्ता है वहां सीसीटीवी लगे हैं। इन्हीं सीसीटीवी को पुलिस खंगाल रही है, जिससे चोरों के आने-जाने का रास्ता और कुछ अन्य क्लू मिल सके। टीआई विपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि सीसीटीवी देखने के बाद जांच आगे बढ़ेगी, फिलहाल क्षेत्र के संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और लोकल मुखबिरों को सक्रिय किया है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *