ग्वालियर में युवती से विदेशी पार्सल के नाम पर फ्रॉड: शादी डॉट कॉम पर प्रोफाइल देखकर कॉल किया; खुद को इंग्लैंड का बताकर जाल में फंसाया – Gwalior News


ग्वालियर में एक युवती के साथ 95 हजार रुपए का ऑनलाइन फ्रॉड हुआ है। युवती ने कुछ समय पहले अपना प्रोफाइल शादी डॉट कॉम वेबसाइड पर अपडेट किया था। 31 जनवरी 2026 को उसे एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने उसके प्रोफाइल में रूचि दिखाई और बताया कि वह इंडियन है, लेकिन आठ साल से इंग्लैंड में रह रहा है। इसके बाद दोनों में दोस्ती हो गई। अभी कुछ दिन पहले युवक ने उसे इंग्लैंड से पार्सल भेजा। इसके बाद डीएचएल कंपनी के नाम पर कॉल आया। एयरपोर्ट पर पार्सल फंसने की बात कहकर कभी एयरपोर्ट चेक इन चार्ज, कभी जीएसडी, कभी इंग्लैण्ड डॉलर के कन्वर्ट चार्ज के नाम पर 95 हजार रुपए विभिन्न अकाउंट में जमा करा लिए। इसके बाद भी ठग और रुपए मांग रहे थे। इसके बाद युवती को अहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो रही है। तत्काल पुलिस के पास पहुंची और मामले की शिकायत की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शहर के सिटी सेंटर पटेल नगर निवासी 27 वर्षीय साक्षी पुत्री रविन्द्र कुमार गुप्ता ने पुलिस अफसरों को बताया कि उसने शादी डॉट काम पर अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। उसकी प्रोफाइल को देखकर 31 जनवरी को उसके पास एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद का परिचय राजकुमार सिन्हा निवासी फरीदाबाद एनसीआर का रहने वाला बताया। साथ ही कहा कि पिछले आठ साल से वह इंग्लैण्ड में रहता है। राजकुमार सिन्हा ने युवती को बताया कि वह उसके प्रोफाइल में रूचि रखता है। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इसके बाद चार फरवरी को राजकुमार ने साक्षी से कहा कि मैं, आपके लिए इंग्लैण्ड से पार्सल भेज रहा हूं। जिसमें यूके की करेंसी है। जिसे आप रिसीव कर लेना। वह पार्सल का इंतजार कर रही थी कि तभी 05 फरवरी को उसके पास अनजान नंबर से कॉल आया और कॉल करने वाले ने खुद को डीएचएल कम्पनी का कर्मचारी बताते हुए जानकारी दी कि उसका पार्सल आ गया है और उसे एयरपोर्ट चेक इन का चार्ज 27 हजार रूपए देना होगा। तीन किश्तों में वसूले 95 हजार से ज्यादा पहली बार युवती ने एयरपोर्ट चेक इन के नाम पर 27 हजार रुपए एक क्यूआर कोड पर भेज दिए थे। यही क्यूआर कोड डीके ट्रेडर्स के नाम से था। रुपए ट्रांसफर करने के बाद फिर उसके पास कॉल आया और बताया कि उसके पार्सल में इंग्लैण्ड की करेंसी है, जिसको भारतीय रुपए में बदलने के लिये 48,000 रुपए देने होंगे। इसे भी युवती ने ट्रांसफर कर दिया। इसके बाद उससे जीएसटी के नाम से 87 हजार रुपए की मांग की। जिस पर युवती ने 20 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी उसके पास पैसे की मांग के लिए कॉल आने लगे। इस पर उसे संदेह हुआ तो उसने अपने रुपए वापस मांगे, लेकिन सामने वाले ने मोबाइल बंद कर लिया। इसके बाद युवती ने मामले की शिकायत क्राइम ब्रांच में की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *