छतरपुर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक बैल को लोडर वाहन से बांधकर सड़क पर घसीटने का मामला सामने आया है। इस घटना के विरोध में गौसेवकों ने महाराजपुर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। गौसेवक संतोष रैकवार के अनुसार, यह घटना 1 मार्च की रात करीब 9:40 बजे हुई थी। हालांकि, इस घटना का सीसीटीवी सोमवार रात सामने आया। खंदिया क्षेत्र में खड़े एक बैल को बहादुर चौरसिया (मम्मा तेल वाले) नाम के व्यक्ति ने अपने लोडर वाहन से रस्सी से बांधा। इसके बाद बैल को घसीटते हुए गल्ला मंडी महाराजपुर ले जाकर छोड़ दिया गया। गंभीर रूप से घायल हो गया बैल
इस दौरान बैल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर पर कई जख्म आए। स्थानीय गौसेवकों द्वारा घायल बैल का उपचार कराया जा रहा है। गौसेवकों ने थाना प्रभारी को सौंपे ज्ञापन में बहादुर चौरसिया के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ऐसी घटनाओं से समाज में गलत संदेश जाता है और बेजुबान जानवरों के प्रति संवेदनहीनता स्वीकार्य नहीं है। ज्ञापन सौंपते समय देवेंद्र सिंह यादव, नितेश दुबे, संतोष रैकवार, अतुल सेन, नितेश, शुभम मिश्रा, अखिल चौरसिया, प्रतीक कुट्टे, देवा रैकवार और आकाश पटेल सहित बड़ी संख्या में गौसेवक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। .