Last Updated:
Chia Seeds side effects: चिया सीड्स का सेवन काफी लोग करते हैं. ये वजन घटाने में बहुत कारगर है, क्योंकि इसमें फाइबर होता है. साथ ही कई तरह के मिनरल्स और विटामिंस भी होते हैं, जो शरीर को कई तरह से लाभ पहुंचाते हैं. हालांकि, चिया सीड्स का सेवन कुछ शारीरिक समस्याओं के होने पर करने से बचना चाहिए, क्योंकि ये फायदे की बजाय आपको नुकसान पहुंचा सकते हैं. जानें, चिया सीड्स के सेवन के नुकसान के बारे में यहां…
हेल्दी डाइट में ताजा सब्जियां, फल के साथ-साथ नट्स और सीड्स भी शामिल करने की सलाह न्यूट्रिशनिस्ट्स देते हैं. इस लिस्ट में सबसे सस्ता और अच्छा सुपरफूड है चिया सीड्स. इनमें पोषक तत्व भरपूर होते हैं. चिया सीड्स में मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड्स, एंटीऑक्सीडेंट्स और कैल्शियम हड्डियों को मजबूत बनाते हैं, ये सब दिल की सेहत के लिए भी अच्छे हैं.

चिया सीड्स में मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर बनाता है और पेट भरा हुआ महसूस करा कर वजन कम करने में मदद करता है. ये ब्लड शुगर को कंट्रोल करते हैं, इसलिए डायबिटीज के मरीजों के लिए भी अच्छे हैं. लेकिन, ये बीज बहुत ज्यादा पानी सोखते हैं, इसलिए ये हर किसी को सूट नहीं करते. खासकर जिन लोगों को 5 तरह की हेल्थ प्रॉब्लम्स हैं, उन्हें इनसे दूर रहना चाहिए.

अगर आपको गैस, पेट फूलना या पाचन की समस्या है तो चिया सीड्स में फाइबर बहुत ज्यादा होता है. वैसे तो फाइबर सेहत के लिए अच्छा होता है, लेकिन जिन लोगों को पाचन की दिक्कत है, उनके लिए चिया सीड्स खाने से पेट में गैस या असहज महसूस हो सकता है. खासकर खाली पेट खाने पर ये परेशानी और बढ़ सकती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

जो लोग खून पतला करने वाली दवाएं लेते हैं, उनके लिए चिया सीड्स में मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड्स दिल के लिए अच्छे होते हैं, लेकिन इनमें खून को पतला करने का गुण भी होता है. अगर आप ब्लड थिनर की दवा ले रहे हैं और चिया सीड्स ज्यादा खाते हैं तो खून बहने का खतरा बढ़ सकता है.

जिन लोगों का ब्लड प्रेशर कम रहता है, उनके लिए चिया सीड्स में अल्फा लिनोलेनिक एसिड और पोटैशियम ज्यादा होता है. ये चीजें ब्लड प्रेशर को और कम करने का काम करती हैं. अगर पहले से ही लो बीपी की समस्या है और आप चिया सीड्स ज्यादा खाते हैं तो आपका ब्लड प्रेशर और अधिक कम हो सकता है, जिससे चक्कर आना या कमजोरी महसूस होना जैसी दिक्कतें हो सकती हैं.

अगर आपको किडनी की समस्या है तो चिया सीड्स का सेवन न करें. इसमें फॉस्फोरस और पोटैशियम जैसे मिनरल्स काफी होते हैं. किडनी प्रॉब्लम वाले लोगों में इन मिनरल्स को फिल्टर करने की क्षमता कम होती है. अगर शरीर में इनकी मात्रा बढ़ जाए तो दूसरी हेल्थ प्रॉब्लम्स का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए चिया सीड्स लिमिट में ही खाने चाहिए. आम लोगों के लिए रोज 1-2 टीस्पून काफी है, लेकिन किडनी के मरीजों को डॉक्टर की सलाह से ही इन्हें डाइट में शामिल करना चाहिए.

जिन्हें नट्स से एलर्जी है, वे लोग भी चिया सीड्स के सेवन से परहेज करें. कुछ लोगों को नट्स या सीड्स खाने पर एलर्जी रिएक्शन हो सकता है. ऐसे लोग अगर चिया सीड्स खाते हैं तो भी यही समस्या हो सकती है. अगर खाने के बाद शरीर पर लाल दाने, खुजली या सांस लेने में परेशानी जैसी दिक्कतें दिखें तो तुरंत खाना बंद कर दें. (Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)