रतलाम में बड़े बाई ने छोटे भाई की गला दबाकर हत्या कर दी। मामला जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ है। हत्या के बाद बड़ा भाई फरार हो गया है। पुलिस तलाश उसकी तलाश में जुटी है। मामला जिले के सरवन थाना क्षेत्र का है। मृतक का नाम संतोष (25) निवासी ग्राम गराड है।
.
सोते समय भाई ने दबाया गला पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब 7.30 बजे संतोष अपने घर में खटिया पर सोया था। उस समय उसका बड़ा भाई मोहन (37) घर पर पहुंचा। नशे में सोते हुए छोटे भाई के ऊपर बैठ गया। इस दौरान दोनों में झड़प हुई। फिर बड़े भाई ने गला दबा दिया। रात में परिजन संतोष को लेकर सैलाना के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सैलाना के स्वास्थ्य केंद्र में बैठे परिजन।
स्वास्थ्य केंद्र से पुलिस को मिली जानकारी
रात 12 बजे करीब सरवन थाना पुलिस को सैलाना स्वास्थ्य केंद्र से घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी गई। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। रात में शव स्वास्थ्य केंद्र में ही रखा। शनिवार सुबह पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मृतक के गांव भी पहुंच घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
पांच साल पहले हुआ था जमीन का बंटवारा
पुलिस के अनुसार मृतक शादीशुदा है। तीन बच्चे हैं, मृतक के माता-पिता भी हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि करीब पांच साल पहले दोनों भाईयों में जमीन का बंटवारा हो गया था। अब इतने साल बाद बड़े भाई का कहना था कि उसके हिस्से में जमीन कम आई है। इस कारण दोनों में शुक्रवार रात विवाद हुआ।
सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन बंटवारे का विवाद को लेकर बड़े भाई ने गला दबा कर हत्या की है। इस दौरान दोनों के बीच में झड़प भी हुई है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही पता चला कि हत्या कैसे हुई है। आरोपी भाई के खिलाफ केस दर्ज किया है। तलाश की जा रही है।
.