मंदसौर में 70 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद: मक्का के बोरों में छिपा कर ले जा रहे थे 550 पेटी, गुजरात पासिंग का ट्रक जब्त – Mandsaur News


मंदसौर जिले में नशा मुक्ति अभियान के तहत नाहरगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध विदेशी शराब की खेप पकड़ी है। तस्कर मक्का के बोरों की आड़ में शराब छिपाकर ट्रक से ले जा रहे थे। पुलिस ने करीब 70 लाख रुपये कीमत की 6500 बल्क लीटर शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ट्रक में ऊपर मक्का के बोरे रखे गए थे, जबकि नीचे अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपाई गई थीं। तस्करों ने शक से बचने के लिए फर्जी बिल्टी भी तैयार की थी, ताकि शराब को एक राज्य से दूसरे राज्य तक आसानी से पहुंचाया जा सके। गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने नापाखेड़ा बिल्लोद रोड पर नाकाबंदी की। इस दौरान ट्रक क्रमांक GJ-36-V-4253 को रोककर तलाशी ली गई। जांच में मक्का के बोरों के नीचे से 550 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा करीब 6500 बल्क लीटर है। राजस्थान से गुजरात ले जाई जा रही थी खेप
एडिशनल एसपी टीएस बघेल ने बताया कि यह शराब मक्का के बोरों की आड़ में राजस्थान से गुजरात ले जाई जा रही थी। समय रहते कार्रवाई कर तस्करी का भंडाफोड़ किया गया। मौके से ट्रक चालक भरत रेबारी (32) निवासी पोरबंदर, गुजरात को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, ताकि पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क का पता लगाया जा सके। आबकारी एक्ट में मामला दर्ज
थाना प्रभारी वरुण तिवारी के मुताबिक आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है। जब्त सामग्री में 550 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। कुल शराब की मात्रा लगभग 6500 बल्क लीटर है। इसके साथ ही तस्करी में उपयोग किया गया ट्रक क्रमांक GJ-36-V-4253 भी जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। पहले भी हो चुकी है बड़ी कार्रवाई
नाहरगढ़ पुलिस इससे पहले भी बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त कर चुकी है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों को अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ा कदम माना जा रहा है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *