मऊगंज जिले में सोमवार को वार्षिक निरीक्षण परेड का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में रीवा संभाग के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) गौरव राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पुलिस बल के अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की, साथ ही जिले को नशा
.
पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी के निर्देशन में आयोजित इस परेड में जिलेभर के थाना प्रभारी और पूरा पुलिस बल उपस्थित रहा। कार्यक्रम की शुरुआत आईजी गौरव राजपूत द्वारा परेड की सलामी लेने के साथ हुई। इसके बाद जिला पुलिस बल ने बलवा ड्रिल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसमें जवानों ने कठिन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और बेहतरीन तालमेल दिखाया।
आईजी राजपूत ने पुलिस बल की तत्परता और अनुशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि नए जिले में संसाधनों की कमी के बावजूद मऊगंज पुलिस सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने जोर दिया कि नए जिले में संसाधनों की उपलब्धता के साथ-साथ उनके उपयोग की निरंतर समीक्षा आवश्यक है।
आईजी ने बलवा ड्रिल को आपात स्थिति और भीड़ नियंत्रण में अत्यंत प्रभावी बताया और मऊगंज पुलिस के प्रदर्शन को “बेहतर तैयारी और श्रेष्ठ टीमवर्क” का उदाहरण करार दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिले में आवश्यक संसाधन और अतिरिक्त बल उपलब्ध कराने की मांग शासन-प्रशासन तक पहुंचाई जाएगी, ताकि पुलिस और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सके।

कार्यक्रम के दौरान आईजी गौरव राजपूत ने जिले में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने विशेष रूप से कोरेक्स सहित अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। आईजी ने स्पष्ट किया कि रीवा संभाग में अब नशे के लिए कोई जगह नहीं होगी और सभी पुलिस कर्मियों को मिलकर नशामुक्त समाज बनाने का लक्ष्य पूरा करना होगा।
अंत में, आईजी गौरव राजपूत ने जिले के पुलिस बल की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को इसी प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहने का प्रेरक संदेश दिया।