‘अगर जिंदा रहना है तो 5 अरब रुपये देने होंगे’, MP में सीधे जज को ही दे डाली धमकी

MP News: मध्य प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने ज्यादा बुलंद हो चुके हैं कि अब वे जज को भी धमकी देने से नहीं डर रहे। ताजा मामले में जज को स्पीड पोस्ट के जरिए धमकी भरा पत्र मिला है, जिसमें उनसे पांच अरब रुपये की डिमांड की गई है। इस पत्र ने सनसनी फैला दी है।

Publish Date: Thu, 04 Sep 2025 06:20:51 PM (IST)

Updated Date: Thu, 04 Sep 2025 06:28:56 PM (IST)

MP में सीधे जज को ही दे डाली धमकी (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. पत्र के जरिए शख्स ने खुद को बताया डकैत के गिरोह का साथी
  2. फिरौती की मांग करते हुए लिखा कि जिन्दा रहना है तो पैसे देने पड़ेंगे
  3. पुलिस अब लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई है

नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। अपराधियों के हौसले इतने ज्यादा बुलंद हो चुके हैं कि अब वे न्यायाधीश को भी धमकी देने से नहीं डर रहे। ताजा मामला रीवा जिले के त्योंथर तहसील क्षेत्र से आया है, यहां पर पदस्थ न्यायाधीश को उत्तर प्रदेश के एक शख्स ने धमकी भरा स्पीड पोस्ट भेजकर सनसनी फैला दी है। सिरफिरे ने तो स्पीड पोस्ट के जरिए न्यायाधीश को ये तक लिख दिया कि अगर जिन्दा रहना है तो 5 अरब रुपये देने होंगे। मामला रीवा जिले के सोहागी थाना क्षेत्र अंतर्गत त्योंथर न्यायालय का है।

जज को मिले पत्र ने फैलाई सनसनी

बीते दिनों न्यायालय में पदस्थ प्रथम व्यवहार न्यायाधीश मोहिनी भदौरिया के नाम से एक स्पीड पोस्ट आया था। धमकी भरे पत्र ने त्योंथर क्षेत्र में सनसनी फैला दी और समूचे रीवा जिले को हिलाकर कर रख दिया। धमकी भरा पत्र उत्तरप्रदेश के प्रयागराज जिले से आया था। बताया गया कि न्यायाधीश से पत्र के जरिए 5 अरब रुपये की फिरौती और न देने पर जान से मारने की धमकी भरा पत्र बारा थाना अंतर्गत लोहगारा निवासी संदीप सिंह के नाम से भेजा गया था।

‘अगर जिंदा रहना है तो पैसे देने होंगे’

पत्र के जरिए शख्स ने खुद को दस्यू सरगना डकैत हनुमान के गिरोह का साथी बताया और 5 अरब रुपये फिरौती की मांग करते हुए लिखा जिन्दा रहना है तो पैसे देने पड़ेंगे। बताया गया कि न्यायाधीश को भेजे गए धमकी भरे पत्र में यह भी लिखा था कि फिरौती की रकम 5 अरब रुपये गत 1 सितम्बर को शाम 7:45 बजे उत्तरप्रदेश के बडगड़ के जंगल में लेकर आना है।

इस घटना के बाद से पुलिस भी अलर्ट है और वह किसी भी प्रकार से कोई चूक नहीं होने देना चाहती। न्यायाधीश को धमकी भरा खत भेजने वाले आरोपी की पतासाजी के लिए पुलिस की एक टीम पहले ही उत्तरप्रदेश भेजी जा चुकी है। धमकी वाला खत जिस शख्स ने भेजा था, पुलिस अब लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है।

बदमाश ने न्यायाधीश को पत्र क्यों भेजा था?

बीते दिनों त्योंथर न्यायालय में पदस्थ न्यायाधीश को एक धमकी भरा पत्र आया था, जिसमें उनसे 5 अरब रुपये की फिरौती की डिमांड की गई थी। नहीं भेजने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। सूचना पर तत्काल पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए खत भेजने वाले आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी उत्तरप्रदेश का निवासी है। उसकी पहचान कर ली गई है, जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होगा। विवेक सिंह, पुलिस अधीक्षक, रीवा।

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *