Last Updated:
Health Tips for Summer: एक्सपर्ट्स का मानना है कि तुरई, लौकी, टिंडा और भिंडी जैसी मौसमी सब्जियां इस मौसम में बहुत फायदेमंद होती हैं. इनमें पानी की मात्रा ज्यादा होती है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती हैं.
सतना. भीषण गर्मी का असर अब साफतौर पर लोगों की सेहत पर दिखने लगा है. तापमान बढ़ने के साथ ही शरीर में पानी की कमी, थकान, कमजोरी और पाचन से जुड़ी समस्याएं आम हो जाती हैं. ऐसे में अगर खानपान सही न हो, तो हालात और बिगड़ सकते हैं लेकिन राहत की बात यह है कि हमारे पारंपरिक भारतीय खाद्य पदार्थ ही इस मौसम में सबसे बड़े सुपरफूड बनकर उभरते हैं. ये न सिर्फ शरीर को जरूरी पोषण देते हैं बल्कि अंदर से ठंडक भी बनाए रखते हैं. लोकल 18 से बातचीत में सतना निवासी डायटिशियन ममता पांडे ने बताया कि गर्मियों में हल्का, सुपाच्य और पोषक तत्वों से भरपूर भोजन अपनाना बेहद जरूरी है, जिससे शरीर ऊर्जा से भरपूर रहे और हीट स्ट्रेस का खतरा कम हो सके.
डायटिशियन के अनुसार, गर्मियों में मेन कोर्स में जौ, चना और गेहूं जैसे अनाजों को शामिल करना चाहिए. जौ का आटा जहां शरीर को ठंडक देता है, वहीं चना और गेहूं ऊर्जा और प्रोटीन का अच्छा स्रोत हैं. इन अनाजों में फाइबर, मैग्नीशियम और पोटेशियम जैसे पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं. दालों की बात करें, तो मूंग और मसूर की दाल इस मौसम के लिए सबसे बेहतर मानी जाती हैं. मूंग दाल खासतौर पर हल्की होती है और आसानी से पच जाती है, जिससे पेट पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता. इनका नियमित सेवन शरीर को ताकत देने के साथ-साथ ठंडक भी प्रदान करता है.
सत्तू और दही बनाएंगे डाइट को सुपरफूड
गर्मी में सत्तू को देसी एनर्जी ड्रिंक के रूप में भी जाना जाता है. चना और जौ से बनने वाला सत्तू कई रूपों में खाया जा सकता है जैसे- सत्तू का शर्बत, रोटी या स्नैक्स के रूप में. यह शरीर को तुरंत ऊर्जा देने के साथ लंबे समय तक ताजगी बनाए रखता है. इसके साथ ही दही का सेवन इस पूरे भोजन को सुपरफूड बना देता है. दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स पाचन को बेहतर बनाते हैं और शरीर के तापमान को नियंत्रित रखने में मदद करते हैं. गर्मियों में दही का नियमित सेवन लू से बचाव में भी सहायक माना जाता है.
डाइट में शामिल करें मौसमी सब्जियां
विशेषज्ञों का मानना है कि लौकी, तुरई, टिंडा और भिंडी जैसी मौसमी सब्जियां इस मौसम में बेहद फायदेमंद होती हैं. इनमें पानी की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती हैं. साथ ही इनमें कई जरूरी विटामिन और मिनरल्स भी मौजूद होते हैं. इसके अलावा दिन में कम से कम एक बार फर्मेंटेड फूड्स जैसे- इडली, डोसा या ढोकला को डाइट में शामिल करना चाहिए. इन खाद्य पदार्थों में अच्छे बैक्टीरिया यानी प्रोबायोटिक्स बनते हैं, जो पाचन तंत्र को मजबूत करते हैं और शरीर को अंदर से स्वस्थ रखते हैं.
कुल मिलाकर यदि गर्मियों में पारंपरिक और संतुलित आहार को अपनाया जाए, तो न सिर्फ बीमारियों से बचाव संभव है बल्कि दिनभर शरीर में ऊर्जा और ताजगी भी बनी रहती है. विशेषज्ञों की सलाह है कि फास्ट फूड और तैलीय चीजों से दूरी बनाकर देसी सुपरफूड को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं ताकि गर्मी का असर आपकी सेहत पर न पड़े.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.