घंटों चलाते हैं इंडक्शन चूल्हा? पहले जान लें ये 5 जरूरी नियम, वरना जल्दी खराब हो सकता है

Induction Safety Tips: पिछले कुछ समय से कई जगह LPG गैस सिलेंडर की किल्लत की खबरें सामने आई हैं. ऐसे माहौल में लोग खाना बनाने के दूसरे तरीकों की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं. इन्हीं में से एक है इंडक्शन चूल्हा, जो आजकल घरों में तेजी से जगह बना रहा है. बिजली से चलने वाला यह कुकटॉप तेज गर्मी देता है और कम समय में खाना तैयार करने में मदद करता है. यही वजह है कि कई लोग गैस के साथ-साथ इंडक्शन का भी इस्तेमाल करने लगे हैं, लेकिन इंडक्शन चूल्हे के साथ एक सवाल अक्सर लोगों के मन में आता है कि क्या इसे गैस चूल्हे की तरह लंबे समय तक लगातार , चलाया जा सकता है या नहीं. कई लोग घंटों तक इसे चालू रखते हैं, जबकि कुछ लोग बीच-बीच में बंद करके इस्तेमाल करते हैं.

दरअसल इंडक्शन चूल्हा एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस है, इसलिए इसके साथ थोड़ी सावधानी रखना जरूरी होता है. बड़ी कंपनियां भी सलाह देती हैं कि अगर कुछ आसान नियमों का ध्यान रखा जाए तो इंडक्शन चूल्हा ज्यादा समय तक सही तरीके से काम करता है और बिजली की खपत भी कम होती है. आइए जानते हैं इंडक्शन चूल्हा इस्तेमाल करते समय किन 5 बातों का ध्यान रखना चाहिए.

इंडक्शन चूल्हे के साथ सही बर्तन का इस्तेमाल क्यों जरूरी है
-इंडक्शन चूल्हा सामान्य गैस चूल्हे की तरह काम नहीं करता. यह खास तकनीक से बर्तन को गर्म करता है, इसलिए हर तरह का बर्तन इसमें काम नहीं करता.

-इसी वजह से कंपनियां हमेशा इंडक्शन फ्रेंडली बर्तन इस्तेमाल करने की सलाह देती हैं. ऐसे बर्तन खास धातु से बने होते हैं, जिन पर इंडक्शन आसानी से काम करता है.

-अगर गलत बर्तन रखा जाए तो खाना बनने में ज्यादा समय लग सकता है. कई बार चूल्हा बर्तन को पहचान ही नहीं पाता. सही बर्तन इस्तेमाल करने से बिजली की बचत होती है और मशीन पर भी ज्यादा दबाव नहीं पड़ता.

तापमान को धीरे-धीरे बढ़ाना बेहतर रहता है
इंडक्शन चूल्हा बहुत तेजी से गर्म होता है. यही वजह है कि अगर शुरुआत में ही तापमान ज्यादा कर दिया जाए तो खाना जल सकता है. कंपनियां सलाह देती हैं कि खाना बनाते समय पहले कम तापमान रखें और जरूरत के हिसाब से धीरे-धीरे बढ़ाएं. इससे खाना सही तरीके से पकता है और मशीन पर भी ज्यादा लोड नहीं पड़ता. यह छोटी सी आदत इंडक्शन की लाइफ बढ़ाने में भी मदद करती है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

लंबे समय तक चलाने के बाद ब्रेक देना जरूरी
गैस चूल्हे को हम काफी देर तक लगातार इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन इंडक्शन के मामले में थोड़ा अलग नियम होता है. अगर आप इंडक्शन चूल्हे को करीब 2 घंटे तक लगातार चला रहे हैं तो बेहतर है कि उसे कुछ समय के लिए बंद कर दें. कंपनियां आमतौर पर 15 से 30 मिनट का ब्रेक देने की सलाह देती हैं. इससे मशीन को ठंडा होने का समय मिल जाता है और अंदर लगे पार्ट्स सुरक्षित रहते हैं.

एयर वेंट्स की सफाई करना भी जरूरी
कई बार लोग इंडक्शन चूल्हा इस्तेमाल तो करते हैं, लेकिन उसकी सफाई पर ध्यान नहीं देते. समय के साथ उस पर तेल या गंदगी जमा होने लगती है. इंडक्शन चूल्हे में एयर वेंट्स बने होते हैं जिनसे गर्म हवा बाहर निकलती है, अगर ये जगहें गंदगी से बंद हो जाएं तो मशीन के अंदर गर्मी फंस सकती है. इससे इंडक्शन खराब होने का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए समय-समय पर इन हिस्सों को साफ रखना जरूरी है.

इंडक्शन को समतल और खुली जगह पर रखें
इंडक्शन चूल्हा हमेशा समतल और खुली जगह पर रखा जाना चाहिए, अगर उसके आसपास बहुत ज्यादा सामान रखा होगा तो हवा का प्रवाह सही नहीं हो पाएगा. कंपनियां सलाह देती हैं कि इंडक्शन के चारों तरफ थोड़ी खाली जगह होनी चाहिए. इससे गर्म हवा बाहर निकलती रहती है और ठंडी हवा अंदर जाती रहती है. इससे मशीन ज्यादा गर्म नहीं होती और लंबे समय तक सही तरीके से काम करती है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *