Instagram: आज के समय में Instagram सिर्फ फोटो और वीडियो शेयर करने का प्लेटफॉर्म नहीं रहा बल्कि यह यूजर्स की कई तरह की जानकारी भी इकट्ठा करता है. अधिकतर लोग बिना पढ़े ही ऐप को परमिशन दे देते हैं जिससे उनकी निजी डिटेल्स तक पहुंच आसान हो जाती है. यही वजह है कि कई बार यूजर्स को अंदाजा भी नहीं होता कि उनकी कौन-कौन सी जानकारी इस्तेमाल हो रही है.
कौन-कौन सी डिटेल्स होती हैं ट्रैक?
Instagram आपके स्मार्टफोन से कई तरह का डेटा इकट्ठा कर सकता है. इसमें आपकी लोकेशन, सर्च हिस्ट्री, ब्राउजिंग हिस्ट्री, डिवाइस की जानकारी (जैसे मॉडल, बैटरी, नेटवर्क) और ऐप पर आपकी हर एक्टिविटी शामिल होती है. आप किस पोस्ट पर कितनी देर रुके, क्या लाइक किया, किसे फॉलो किया ये सब रिकॉर्ड किया जाता है. इसके अलावा, अगर आपने कॉन्टैक्ट एक्सेस दिया है तो आपके फोनबुक के नंबर भी ऐप तक पहुंच सकते हैं.
इस डेटा का क्या होता है इस्तेमाल?
Instagram आपकी इन जानकारियों का इस्तेमाल पर्सनलाइज्ड एक्सपीरियंस देने के लिए करता है. यानी आपको वही कंटेंट और विज्ञापन दिखाए जाते हैं जिनमें आपकी रुचि हो सकती है. उदाहरण के लिए, अगर आप बार-बार किसी खास टॉपिक से जुड़ी पोस्ट देखते हैं तो उसी तरह की और पोस्ट्स आपके फीड में दिखाई देने लगती हैं.
इस प्लेटफॉर्म की पेरेंट कंपनी Meta इस डेटा का इस्तेमाल विज्ञापन टारगेटिंग और एल्गोरिदम सुधारने के लिए करती है जिससे उसका बिजनेस मॉडल मजबूत होता है.
प्राइवेसी पर खतरा
जब आपको पता चलता है कि आपकी लोकेशन से लेकर आपकी पसंद-नापसंद तक हर चीज ट्रैक हो रही है तो यह थोड़ा असहज महसूस करवा सकता है. खासकर तब, जब ये डेटा थर्ड पार्टी के साथ भी शेयर हो सकता है. डेटा लीक या हैकिंग की स्थिति में आपकी निजी जानकारी खतरे में भी पड़ सकती है.
कैसे रखें अपनी प्राइवेसी सुरक्षित?
अगर आप अपनी जानकारी को सुरक्षित रखना चाहते हैं तो कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है. ऐप को दी गई परमिशन समय-समय पर चेक करें और अनावश्यक एक्सेस बंद कर दें. लोकेशन, माइक्रोफोन और कॉन्टैक्ट जैसी संवेदनशील परमिशन तभी दें जब जरूरत हो. साथ ही, Instagram की प्राइवेसी सेटिंग्स में जाकर डेटा शेयरिंग और ऐड पर्सनलाइजेशन को कंट्रोल किया जा सकता है. इसीलिए इंस्टाग्राम या फिर किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल सावधानी से करना जरूरी है नहीं तो आपकी पर्सनल जानकारी का गलत इस्तेमाल भी किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें:
LPG से PNG पर शिफ्ट करने का सोच रहे हैं? बस 2 मिनट में पता करें आपके शहर में गैस लाइन है या नहीं
.