Is Avoiding Salt for a Month Good or Bad: खाने में अगर नमक न हो, तो स्वाद नहीं आता है. नमक सिर्फ स्वाद के लिए ही नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी जरूरी होता है. नमक यानी सोडियम क्लोराइड शरीर के कई जरूरी कामों में मदद करता है. सभी लोग रोज नमक का सेवन करते हैं. कई लोगों को हाई बीपी की समस्या हो जाती है, तो वे नमक कम खाते हैं. अब सवाल है कि क्या होगा अगर हम एक महीने तक बिल्कुल नमक न खाएं? चलिए जानते हैं कि नमक न खाने से शरीर पर क्या असर पड़ता है और यह कितना नुकसानदायक हो सकता है.
नमक का सेवन ब्लड प्रेशर को प्रभावित करता है. हाई ब्लड प्रेशर वाले लोग अक्सर नमक कम करने की सलाह पाते हैं. अगर आप एक महीने तक नमक बिल्कुल न लें, तो बीपी में गिरावट हो सकती है, जो हाई बीपी वाले लोगों के लिए फायदेमंद हो सकता है. हालांकि किसी का बीपी लो रहता है, तो नमक की कमी से ब्लड प्रेशर और भी नीचे गिर सकता है, जिससे कंडीशन गंभीर हो सकती है. सोडियम शरीर में पानी को संतुलित रखता है. नमक न लेने पर शरीर का पानी संतुलन बिगड़ सकता है, जिससे डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है.
नमक खाने की आदत शरीर की स्वाद की पहचान को प्रभावित करती है. जब आप एक महीने तक नमक नहीं खाते हैं, तो आपके स्वाद की क्षमता में बदलाव आ सकता है. शुरू में भोजन फीका लग सकता है, लेकिन धीरे-धीरे आपकी जीभ कम नमकीन स्वाद को भी पहचानने लगती है. यह सेहतमंद है, क्योंकि अधिक नमक खाने की आदत कम हो जाती है और आप प्राकृतिक स्वाद का आनंद लेने लगते हैं. नमक का सेवन सीमित करने से कुछ स्वास्थ्य लाभ भी मिल सकते हैं.
नमक की कमी से सेहत को गंभीर नुकसान हो सकते हैं, लेकिन अत्यधिक नमक सेवन भी नुकसानदेह है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार एक व्यक्ति को दिन में 5 ग्राम यानी लगभग एक चम्मच से अधिक नमक नहीं लेना चाहिए. अगर आप नमक पूरी तरह से छोड़ने का विचार कर रहे हैं, तो डॉक्टर या डायटिशियन से सलाह लेना जरूरी है. अगर आपको हाई या लो बीपी की समस्या है, तो नमक का संतुलन बनाए रखना जरूरी है.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)
.