Last Updated:
किडनी में पथरी अब आम बात हो गई है. इसकी वजह अनियमित और गलत खानपान है. लेकिन, कुछ आयुर्वेदिक उपाय ऐसे हैं जो हमारे शरीर में किडनी को बनने ही नहीं देंगे. अगर बन गई तो उसको तोड़कर बाहर निकाल देंगे. खंडवा के एक्सपर्ट से जानें काम की बात…
किडनी स्टोन का इलाज: गुर्दे की पथरी यानी किडनी स्टोन की समस्या तेजी से बढ़ रही है. पहले यह बीमारी उम्रदराज लोगों में ज्यादा देखी जाती थी, लेकिन अब युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं. कम पानी पीना, ज्यादा नमक और जंक फूड का सेवन, अनियमित दिनचर्या और गलत खानपान इसकी मुख्य वजह माने जाते हैं. हालांकि, राहत की बात ये कि शुरुआती अवस्था में आयुर्वेदिक उपाय और सही लाइफस्टाइल अपनाकर पथरी की समस्या से काफी हद तक छुटकारा पाया जा सकता है.
रोज पिएं इतना पानी
खंडवा में चिकित्सक डॉ. अनिल पटेल ने Local 18 को बताया कि आयुर्वेद में किडनी स्टोन को ‘अश्मरी’ कहा जाता है. यह तब बनती है जब शरीर में वात, पित्त और कफ का संतुलन बिगड़ जाता है. इससे शरीर में टॉक्सिन जमा होने लगते हैं, जो धीरे-धीरे मूत्र मार्ग में जमा होकर पथरी का रूप ले लेते हैं. डॉ. पटेल के अनुसार, पथरी से बचने और उसे बाहर निकालने का सबसे आसान और असरदार तरीका है, ज्यादा मात्रा में पानी पीना. रोजाना कम से कम 3 से 4 लीटर पानी जरूर पिएं. सुबह खाली पेट गुनगुना पानी पीना फायदेमंद होता है.
ये प्राकृतिक पेय भी फायदेमंद
- नींबू पानी नियमित लेने से पथरी धीरे-धीरे घुलने लगती है. नींबू में मौजूद साइट्रिक एसिड पथरी को बनने से रोकता है और छोटी पथरी को बाहर निकालने में मदद करता है.
- आयुर्वेद में कई ऐसे प्राकृतिक पेय बताए गए हैं, जो किडनी को साफ करने और पथरी को बाहर निकालने में मदद करते हैं.
- नारियल पानी किडनी को डिटॉक्स करता है.
- खीरे का रस शरीर को ठंडक देता है. यूरिन फ्लो बढ़ाता है.
- तुलसी के पत्तों का रस पथरी को धीरे-धीरे तोड़ने में मददगार होता है.
- बेल का शरबत मूत्र मार्ग को साफ रखता है.
- जौ का पानी किडनी की सफाई के लिए बेहद उपयोगी
खानपान में इन चीजों से करें परहेज
अगर पथरी की समस्या है तो खानपान पर विशेष ध्यान देना जरूरी है. कुछ चीजें पथरी को बढ़ा सकती हैं, इसलिए इनसे बचना चाहिए. पालक व टमाटर के बीज, चॉकलेट, मूंगफली, ज्यादा नमक और पैकेज्ड फूड इनमें ऑक्सलेट की मात्रा ज्यादा होती है, जो पथरी बनने का कारण बन सकता है.
आयुर्वेदिक औषधियां भी असरदार
डॉ. पटेल बताते हैं कि आयुर्वेद में कई ऐसी जड़ी-बूटियां हैं, जो पथरी को तोड़ने और बाहर निकालने में मदद करती हैं.
गोखरू, मूत्र मार्ग को साफ करता है.
पुनर्नवा किडनी की सूजन कम करता है
वरुण पथरी को घोलने में सहायक
पत्थरचट्टा पथरी के लिए प्रसिद्ध औषधि
शिलाजीत किडनी को मजबूत बनाता है
इसके अलावा अश्मरीहर क्वाथ और पुनर्नवा मंडूर जैसी आयुर्वेदिक दवाएं भी डॉक्टर की सलाह से ली जा सकती हैं.
लाइफस्टाइल में बदलाव भी जरूरी
सिर्फ दवा ही नहीं, बल्कि लाइफस्टाइल में सुधार भी बहुत जरूरी है. रोज सुबह हल्का व्यायाम करें. योग और प्राणायाम करें. ज्यादा देर तक पेशाब न रोकें. जंक फूड से दूरी बनाएं. समय पर भोजन करें. यह आदतें पथरी बनने के खतरे को काफी हद तक कम कर देती हैं.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.