Last Updated:
गर्भावस्था के दौरान महिलाओं में खून की कमी यानी एनीमिया एक आम समस्या है, जो मां और गर्भस्थ शिशु दोनों के स्वास्थ्य पर असर डाल सकती है. सही समय पर संतुलित आहार अपनाकर इस कमी को आसानी से दूर किया जा सकता है. विशेषज्ञों के अनुसार गर्भवती महिलाओं को आयरन और फोलिक एसिड से भरपूर चीजों को अपने दैनिक आहार में शामिल करना चाहिए.
गर्भावस्था के दौरान महिलाओं में अक्सर खून की कमी देखी जाती है, जिससे कमजोरी और चक्कर आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं. इस समय दवाओं का सेवन भी सीमित होता है. ऐसे में घर पर ही खून की कमी दूर करने के लिए हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन बेहद फायदेमंद होता है. पालक, मेथी, सरसों और बथुआ को अच्छी तरह धोकर सब्जी या सूप बनाकर रोज़ खाने से लाभ मिलता है. इनमें आयरन और फोलिक एसिड भरपूर मात्रा में होते हैं, जो खून की कमी को दूर करने में मदद करते हैं.

गर्भवती महिलाएं शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी को पूरा करने के लिए गुड़ और चना का सेवन भी कर सकती हैं. गुड़ और चना खून बढ़ाने में काफी मददगार माने जाते हैं. रोज़ सुबह खाली पेट एक छोटा टुकड़ा गुड़ और एक मुट्ठी भुना चना खाने से शरीर को जरूरी पोषण मिलता है. इससे सेहत अच्छी रहती है और खून की कमी को पूरा करने में भी मदद मिलती है.

अनार और चुकंदर का सेवन खून की कमी को दूर करने में बेहद प्रभावी माना जाता है. चुकंदर खाने से शरीर में तेजी से खून बनने लगता है, जबकि अनार हीमोग्लोबिन बढ़ाने में मदद करता है. रोज़ाना अनार खाने या चुकंदर-अनार का जूस पीने से खून बनने की प्रक्रिया तेज होती है. गर्भावस्था के दौरान यह उपाय महिलाओं के लिए काफी लाभदायक साबित होता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

सूखे मेवों का सेवन गर्भावस्था में महिलाओं की कमजोरी दूर करने में मदद करता है और शरीर में आयरन की मात्रा बढ़ाता है. रोज़ाना 4–5 किशमिश, 2 खजूर और 5 भीगे हुए बादाम खाने से खून बनने की प्रक्रिया तेज होती है. ये पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं, जिससे ऊर्जा मिलती है और थकान कम होती है. गर्भावस्था के दौरान यह उपाय खून की कमी को दूर करने में काफी सहायक साबित होता है.

अंकुरित अनाज गर्भावस्था में बेहद लाभकारी होते हैं, क्योंकि इनमें कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. इसके लिए मसूर, मूंग या चने को रातभर पानी में भिगो दें. सुबह पानी छानकर इन्हें कपड़े में या बंद डिब्बे में रख दें, शाम तक ये अंकुरित हो जाते हैं. अंकुरित अनाज को सलाद या हल्की सब्जी के रूप में लिया जा सकता है. इनमें मौजूद प्रोटीन और आयरन शरीर में खून की कमी दूर करने के साथ-साथ ताकत भी बढ़ाते हैं.

गर्भावस्था में सुबह खाली पेट छेना या कच्चा पनीर खाने से खून की कमी को दूर करने में मदद मिलती है. इनमें मौजूद प्रोटीन, कैल्शियम और अन्य जरूरी पोषक तत्व शरीर को मजबूती देते हैं. यह न सिर्फ हीमोग्लोबिन बढ़ाने में सहायक होते हैं, बल्कि मां और गर्भ में पल रहे शिशु दोनों के लिए फायदेमंद होते हैं.

गर्भावस्था में खान-पान का विशेष ध्यान रखना जरूरी होता है. रोजाना भोजन के साथ विटामिन-सी से भरपूर फलों का सेवन करना चाहिए, क्योंकि इससे शरीर में आयरन का अवशोषण बेहतर होता है. खाने के साथ नींबू, संतरा या आंवला शामिल करने से पाचन क्रिया भी स्वस्थ बनी रहती है और शरीर को अतिरिक्त लाभ मिलता है.
.