समय बचाने के चक्कर में कहीं सेहत खराब तो नहीं कर रहे आप? जल्दबाजी में भोजन करने से इन 5 बीमारियों का जोखिम

Hurry Eating Food Disadvantages: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी इंसान को ठीक से आराम तक नहीं करने दे रही है. काम का बढ़ता बोझ और घर-परिवार की जिम्मेदारी की वजह से अक्सर लोग खुद के लिए समय नहीं निकाल पाते हैं. समय के इसी अभाव की वजह से लोग इन दिनों ठीक से खाने के लिए भी समय नहीं निकाल पाते हैं. समय बचाने के चक्कर में लोग जल्दबाजी में या चलते-फिरते खाना खाते हैं. लेकिन, आपको बता दें कि ये आदत सेहत के लिए ठीक नहीं है. क्योंकि, जल्दबाजी में आप सिर्फ समय बचा सकते हैं लेकिन इसके बदले में आप कई गंभीर परेशानियां भी मोल ले सकते हैं.

हेल्थ एक्सपर्ट की मानें तो जल्दबाजी में भोजन करने से सेहत से जुड़ी कई समस्याएं हो सकती हैं, जिसके बारे में बेहद कम लोग ही जानते हैं. अब सवाल है कि आखिर जल्दबाजी में क्यों नहीं करना चाहिए भोजन? जल्दबाजी में भोजन करने के नुकसान क्या हैं? इस बारे में News18 को बता रही हैं कैलाश दीपक हॉस्पिटल दिल्ली की सीनियर डाइटिशियन ऋचा शर्मा-

जल्दबाजी में खाना खाने के नुकसान

पाचन तंत्र में गड़बड़ी: एक्सपर्ट के मुताबिक, जल्दबाजी में खाना खाने से पाचन तंत्र पर बुरा असर पड़ सकता है. ऐसे भोजन करने से पाचन तंत्र पर दबाव पड़ सकता है, जिससे अपच, सूजन और असुविधा हो सकती है. दरअसल, तेजी से खाने की वजह से खाने के साथ ज्यादा हवा निगलने की संभावना बढ़ जाती है, जिसके कारण सूजन हो जाती है. इसलिए इस समस्या से बचने के लिए अच्छे से चबाना और धीमी गति से खाना चाहिए.

बढ़ेगा ब्लड शुगर लेवल: जल्दी-जल्दी खाने की आदत आपके ब्लड शुगर लेवल को बढ़ा सकती है. जल्दबाजी में खाने की वजह से ब्लड शुगर के स्तर में तेजी से वृद्धि हो सकती है, खासकर जब हाई कार्बोहाइड्रेट वाले फूड्स को खाया जाता है, जो संभावित रूप से इंसुलिन रेगुलेशन को प्रभावित करता है और टाइप 2 डायबिटीज के खतरे को बढ़ाता है.

वजन बढ़ेगा: अगर आप अपने वजन को मेंटेन करना चाहते हैं, तो आज ही जल्दी-जल्दी खाने की आदत को छोड़ दें. दरअसल, जल्दी-जल्दी खाने की वजह से अक्सर जरूरत से ज्यादा खाने में आ जाता है, जिससे न सिर्फ पाचन संबंधी समस्या हो सकती है, बल्कि संभावित रूप से वजन बढ़ सकता है.

मेटाबॉलिक सिंड्रोम: बहुत जल्दी-जल्दी खाने से मेटाबॉलिक सिंड्रोम का खतरा भी बढ़ सकता है. मेटाबॉलिक सिंड्रोम कुछ मेडिकल कंडीशन का कॉम्बिनेशन है, जिसमें हाई ब्लड शुगर और असामान्य कोलेस्ट्रॉल का लेवल शामिल हैं.

धीरे-धीरे भोजन करने के फायदे

  • खाने को अच्छी तरह चबाने से लार में मौजूद एंजाइम्स खाने के साथ मिलकर उसे पचाने में मदद करते हैं. इससे पाचन आसान हो जाता है.
  • जब आप धीरे-धीरे खाते हैं, तो दिमाग को यह सिग्नल मिलने में समय मिलता है कि आपका पेट भर चुका है. इससे मोटापे का खतरा कम होगा.
  • अच्छी तरह चबाने से खाने के पोषक तत्वों को शरीर आसानी से अब्जॉर्ब कर लेता है. बिना चबाए निगले गए बडे टुकडे़ आंतों में पूरी तरह नहीं तोडे़ जाते.
  • खाने को चबाने से दांतों और मसूड़ों की एक्सरसाइज होती है, जिससे उनकी मजबूती बनी रहती है. बैक्टीरिया को कम करके दांतों की सड़न और दुर्गंध से बचाव.
  • धीरे-धीरे खाने से आप माइंडफुल ईटिंग की प्रैक्टिस करते हैं, जो स्ट्रेस और एंग्जाइटी को कम करने में मददगार है.
  • तेजी से खाने वालों के मुकाबले धीरे खाने से ग्लूकोज धीरे-धीरे ब्लड में मिलता है, जिससे डायबिटीज का खतरा कम हो जाता है.

Source link

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *