IAS संतोष वर्मा विवाद LIVE: माफी के बाद भी एमपी में प्रदर्शन, तत्काल कार्रवाई की मांग

मध्‍य प्रदेश में अजाक्स के नवनिर्वाचित प्रांताध्यक्ष एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा अपने एक बयान के चलते बड़े विवाद में घिर गए हैं.यह बयान, अजाक्‍स यानी अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी-कर्मचारी संघ की बैठक में सामने आया था. यह बैठक 23 नवंबर को भोपाल के अंबेडकर पार्क में आयोजित की गई थी. इसी बैठक के दौरान संतोष वर्मा को संगठन का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया था. उन्होंने कथित तौर पर कहा कि “जब तक कोई ब्राह्मण अपनी बेटी मेरे बेटे को दान (या उसका संबंध बने) नहीं करता, तब तक आरक्षण बना रहना चाहिए.” यह बयान अब प्रदेश भर में विरोध का कारण बन गया है. कई संगठनों और संस्‍थाओं ने इस बयान की निंदा की है.

November 25, 202518:56 IST

IAS संतोष वर्मा के खिलाफ दतिया में ब्राह्मण समाज का प्रदर्शन, SP ऑफिस घेरा

दतिया. अजाक्स प्रांताध्यक्ष और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा के कथित विवादास्पद बयान पर मध्य प्रदेश के दतिया में भी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है. ब्राह्मण समाज ने एकजुट होकर कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय का घेराव किया. ब्राह्मण समाज के सदस्य मंगलवार को बड़ी संख्या में एसपी कार्यालय पहुँचे और परिसर में ही धरने पर बैठ गए. प्रदर्शनकारियों ने आईएएस संतोष वर्मा के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की और तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की. ब्राह्मण समाज ने दतिया एसपी को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें संतोष वर्मा पर मामला दर्ज करने की मांग की गई है. समाज ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया, तो वे बड़े पैमाने पर उग्र आंदोलन शुरू करेंगे. प्रदर्शनकारी समाज के सदस्यों का कहना है कि एक उच्च पदस्थ अधिकारी द्वारा सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वाला और अपमानजनक बयान देना स्वीकार्य नहीं है, और सरकार को तत्काल उन पर कार्रवाई करनी चाहिए.

November 25, 202518:51 IST

भोपाल में युवा ब्राह्मण समाज का उग्र प्रदर्शन, FIR की मांग, कांग्रेस प्रवक्ता का तीखा बयान

भोपाल. वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा के कथित विवादास्पद बयान पर राजधानी भोपाल में विरोध प्रदर्शन और उग्र हो गया है. युवा ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने अनोखे और तीखे तरीके से विरोध जताते हुए हाथ में चप्पल लेकर थाने का रुख किया. युवा ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने विरोध जताते हुए आईएएस वर्मा के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की. विरोध प्रदर्शन के दौरान उनके हाथ में चप्पलें थीं, जो उनके गुस्से और अपमान की भावना को दर्शा रही थीं. कांग्रेस प्रवक्ता और युवा ब्राह्मण समाज के नेता विवेक त्रिपाठी ने मीडिया के सामने बेहद तीखे लहजे में बयान दिया. उन्होंने कहा कि “सरकार के एक दुष्ट, विकृत मानसिकता के व्यक्ति ने कल ब्राह्मणों की बच्चियों के लिए अभद्र टिप्पणी की है. ऐसे व्यक्ति को तत्काल पद से हटा देना चाहिए.” त्रिपाठी ने वर्मा की तुलना पिछले अजाक्स अध्यक्ष कंसोटिया से करते हुए कहा कि संतोष वर्मा कर्मचारी संगठन में आकर ब्राह्मणों की बच्चियों के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं और उन्हें ‘दान में मांग रहे’ हैं. उन्होंने जोर दिया, “यह हमारी बच्ची है. दान में देने वाली चीज़ हैं क्या? आपने अपनी विकृत मानसिकता का परिचय दिया.”

November 25, 202518:46 IST

IAS संतोष वर्मा पर FIR की मांग, ग्वालियर में ब्राह्मण समाज ने मुरार थाने में दिया आवेदन

ग्वालियर. अजाक्स प्रांताध्यक्ष और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा के कथित विवादास्पद बयान पर अब ग्वालियर में भी ब्राह्मण समाज का आक्रोश देखने को मिला है. शाजापुर और भोपाल के बाद ग्वालियर में भी अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठी है. एडवोकेट अनिल मिश्रा की अगुवाई में ब्राह्मण समाज के सदस्यों ने मंगलवार को मुरार थाने में आईएएस संतोष वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज करने के लिए लिखित आवेदन दिया. समाज ने कहा है कि वर्मा का बयान सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वाला और अपमानजनक है, जिसके लिए उन पर कानूनी कार्रवाई जरूरी है. ब्राह्मण समाज ने प्रशासन और पुलिस को चेतावनी दी है कि अगर संतोष वर्मा के खिलाफ जल्द से जल्द FIR दर्ज नहीं की गई, तो ग्वालियर में भी उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा. समाज का कहना है कि वे इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं करेंगे और अपने सम्मान के लिए हर स्तर पर विरोध करेंगे.

November 25, 202518:28 IST

IAS संतोष वर्मा के बयान पर महिलाएं नाराज, भोपाल में पुलिस थाने पर प्रदर्शन

भोपाल. अजाक्स के प्रांताध्यक्ष और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा के कथित विवादित बयान पर राजधानी भोपाल में भी विरोध तेज हो गया है. ब्राह्मण संगठनों ने अब महिलाओं के नेतृत्व में मोर्चा खोल दिया है. अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सावित्री तिवारी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर एमपी नगर थाने पहुँचे. उन्होंने आईएएस वर्मा के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की. अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सावित्री तिवारी ने मीडिया के सामने बेहद उग्र बयान दिया. उन्होंने कहा कि “अब महिलाओं ने फरसा उठा लिया है.” उन्होंने जोर देकर कहा कि अब महिलाओं ने अपने सम्मान का बीड़ा उठाया है और वे इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेंगी. प्रदेश अध्यक्ष तिवारी ने सरकार को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि संतोष वर्मा को तत्काल निलंबित (सस्पेंड) नहीं किया गया, तो 50 हजार से ज्यादा महिलाएं सड़कों पर उतरेंगी. उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं और उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो ब्राह्मण समाज की महिलाएं प्रदर्शन करने को मजबूर होंगी. ब्राह्मण संगठनों की मांग है कि सरकार जल्द से जल्द इस मामले में हस्तक्षेप करे और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वाले अधिकारी के खिलाफ कठोर कदम उठाए.

November 25, 202518:24 IST

संतोष वर्मा ब्राह्मण समुदाय से माफी मांगे नहीं तो, चंद्रशेखर तिवारी ने दिया अल्‍टीमेटम

भोपाल हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष पंडित चंद्रशेखर तिवारी ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि इस प्रकार की सोच रखने वाले अधिकारियों पर सरकार तुरंत एक्शन ले और खुद संतोष वर्मा परशुराम मंदिर पहुंचकर पूरे ब्राह्मण समुदाय से माफी मांगे नहीं तो उनके खिलाफ प्रदेश भर में ब्राह्मण समुदाय प्रदर्शन करेगा. आईएएस अधिकारी की टिप्पणी से पूरे समुदाय की भावना आहत हुई है.

November 25, 202518:19 IST

समूचे सवर्ण समुदाय का अपमान, गलत बयान देने वाले पर कार्रवाई हो- कर्मचारी नेता

मंत्रालय सेवा अधिकारी-कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुधीर नायक और तृतीय कर्मचारी संघ के महामंत्री उमाशंकर तिवारी ने कहा कि अजाक्स प्रांताध्यक्ष का यह बयान न केवल आपत्तिजनक है बल्कि समूचे सवर्ण समुदाय का अपमान है. शादी विवाह निजी जिंदगी है. हर वयस्क व्यक्ति अपनी शादी के लिए स्वतंत्र है. कौन किससे शादी करे, यह उसका निजी मामला है और फिर बेटी कोई वस्तु नहीं है जो दान की जाए. ब्राह्मण सभा मध्य प्रदेश के अध्यक्ष डा. शैलेंद्र व्यास ने कहा कि यह तुच्छ सोच है. इस तरह की मानसिकता के लोगों पर सरकार को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए. ऐसा नहीं हुआ तो परशुरामजी के वंशज ब्राह्मण समाज के लोग दंड देने से नहीं चूकेंगे.

November 25, 202518:17 IST

संतोष वर्मा पर 7 दिनों में एक्‍शन हो, वरना शाजापुर में उग्र आंदोलन, ब्राह्मण समाज की चेतावनी

शाजापुर. मध्य प्रदेश में अजाक्स के प्रांतीय अध्यक्ष और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण समाज को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान पर विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है. मंगलवार को शाजापुर में ब्राह्मण समाज का आक्रोश सड़कों पर दिखा. शाजापुर में ब्राह्मण समाज, परशुराम सेना और सर्व ब्राह्मण महिला शाखा ने एकजुट होकर आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा के बयान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. बस स्टैंड चौराहे पर ब्राम्हण समाज ने वर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध स्वरूप उनका पुतला दहन किया. ज्ञापन में समाज ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है. कहा गया है कि यदि सात दिनों के भीतर उनकी मांगों पर उचित और कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो शाजापुर में ब्राह्मण समाज एक बड़े पैमाने पर उग्र विरोध आंदोलन शुरू करेगा. प्रदर्शन के बाद, समाज ने मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार नाहिद अंजुम को एक ज्ञापन सौंपा. इस ज्ञापन में ब्राह्मण समाज ने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं:

FIR दर्ज करना: संतोष वर्मा के खिलाफ तत्काल प्रभाव से एफआईआर दर्ज की जाए.
कठोरतम कार्रवाई: मामले की जांच के लिए विशेष समिति गठित की जाए और दोष सिद्ध होने पर अधिकारी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए.
सार्वजनिक क्षमा याचना: संतोष वर्मा से ब्राह्मण समाज से सार्वजनिक रूप से लिखित और मौखिक रूप से क्षमा याचना करवाई जाए.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *