Agency:एजेंसियां
Last Updated:
Vietnam Typhoon Kajiki: वियतनाम के नग्हे आन और हा तिन्ह प्रांतों में टायफून काजिकि ने 166 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तबाही मचाई. हजारों लोग बेघर हो गए, 40 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया.

सोमवार को टायफून काजिकि वियतनाम के नग्हे आन और हा तिन्ह प्रांतों से टकराया. यह दोपहर करीब 3 बजे 166 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ आया. तेज हवाओं ने तटीय इलाकों में घरों, दुकानों और होटलों को नुकसान पहुंचाया.

सरकार ने तूफान से पहले ही एहतियात बरतते हुए कई स्कूल और दो प्रांतीय एयरपोर्ट बंद कर दिए. बच्चों और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया. समुद्र किनारे रहने वाले लोग पहले से अपने घरों की खिड़कियां बंद करके और रेत की बोरियां लगाकर तैयारी कर चुके थे.

तूफान से सबसे ज्यादा खतरे में तटीय गांव और निचले इलाके थे. सरकार ने 40,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया. कई लोगों को सामुदायिक हॉल और अस्थायी शेल्टर में रखा गया, जहां खाने और पानी की व्यवस्था की गई थी.

काजिकि ने पूरे क्षेत्र में जोरदार हवाओं और भारी बारिश का तांडव मचाया. पेड़ जड़ से उखड़ गए, सड़क किनारे लगे लैम्पपोस्ट गिर पड़े और कई जगहों पर पानी भर गया. समुद्र की लहरें 2 मीटर ऊंची उठीं और तटीय सड़कों को डुबो दिया.

हा तिन्ह प्रांत में कई जगहों पर बिजली काटनी पड़ी ताकि हादसे न हों. कई घरों की छतें उड़ गईं और समुद्र में बने फ्लोटिंग फिशिंग फार्म बह गए. इससे स्थानीय मछुआरों को बड़ा आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा और उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया.

काजिकि से प्रभावित क्षेत्रों में लोगों ने तूफान को डरावना अनुभव बताया. नग्हे आन के कूआ लो कस्बे के एक निवासी ने कहा कि ऊपर की मंजिल से देखने पर समुद्र की लहरें खतरनाक तरीके से उठ रही थीं और पानी ने आसपास की सड़कों को पूरी तरह डुबो दिया था.

सरकारी अधिकारियों ने इस तूफान की तुलना पिछले साल आए टायफून यागी से की. यागी ने वियतनाम के उत्तरी इलाकों में 300 लोगों की जान ली थी और 3.3 अरब डॉलर का नुकसान किया था. हालांकि काजिकि उतना शक्तिशाली नहीं है, लेकिन इसने भी विनाश और दहशत फैला दी.

वियतनाम से पहले काजिकि ने चीन के हैनान द्वीप और गुआंगडोंग प्रांत को प्रभावित किया. वहां भी तेज हवाओं और भारी बारिश से नुकसान हुआ. चीनी प्रशासन ने लगभग 20,000 लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा. कई जगह बाढ़ की स्थिति बनी और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. (सभी तस्वीरें- AP)
.