जौनपुर में 53 हजार किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने का लक्ष्य, लगेगा एचपीवी टीका

Last Updated:

Jaunpur News: डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि जिला अस्पताल में इस माह से ही टीकाकरण की शुरुआत कर दी जाएगी. इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर भी अगले महीने से यह अभियान शुरू हो जाएगा. इसको लेकर स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही है.

जौनपुर में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग एक विशेष टीकाकरण अभियान शुरू करने जा रहा है. इस अभियान के तहत जिले की 14 से 15 साल आयु वर्ग की करीब 53 हजार किशोरियों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) का टीका लगाया जाएगा. स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि समय पर यह टीका लगवाकर बेटियों को इस खतरनाक बीमारी से काफी हद तक सुरक्षित किया जा सकता है.

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले कैंसर की प्रमुख बीमारियों में से एक है, जिसका मुख्य कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस संक्रमण होता है. एचपीवी वैक्सीन इस वायरस से होने वाले संक्रमण से बचाव में काफी प्रभावी है. उन्होंने कहा कि अगर सही उम्र में यह टीका लगवा दिया जाए तो भविष्य में सर्वाइकल कैंसर का खतरा काफी कम हो जाता है.

उन्होंने बताया कि जिले में इस अभियान के तहत लगभग 53 हजार किशोरियों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है. शहरी क्षेत्रों में यह अभियान शुरू है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 1 अप्रैल से टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा. स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से किशोरियों को यह टीका लगाएंगी.

डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि जिला अस्पताल में इस माह से ही टीकाकरण की शुरुआत कर दी जाएगी. इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर भी अगले महीने से यह अभियान शुरू हो जाएगा. इसको लेकर स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही है.

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल टीकाकरण करना ही नहीं बल्कि लोगों को जागरूक करना भी है. अभिभावकों को बताया जा रहा है कि यह टीका उनकी बेटियों के स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है. समय पर टीका लगवाने से भविष्य में होने वाले गंभीर खतरे से बचाव संभव है.

स्वास्थ्य अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को इस टीकाकरण अभियान में जरूर शामिल कराएं. थोड़ी सी जागरूकता और एक जरूरी टीका बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी से बचा सकता है. इसलिए समय रहते यह कदम उठाना बेहद जरूरी है, ताकि बेटियों का भविष्य सुरक्षित और स्वस्थ बनाया जा सके.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *