मलेशिया में उतरते ही कैसे होगा पीएम मोदी का स्वागत, सामने आई तैयारियों की पहली तस्वीर

कुआलालंपुर: मलेशिया में भारतीय समुदाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत की तैयारियों में जुटा हुआ है. 7 से 8 फरवरी तक होने वाले प्रधानमंत्री मोदी के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे को लेकर भारतीय प्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. यह यात्रा मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के आमंत्रण पर हो रही है और इससे भारत-मलेशिया संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है. पीएम मोदी की इस यात्रा के दौरान व्यापार, वित्त, सुरक्षा और सांस्कृतिक सहयोग सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.

PM Modi के स्वागत की तैयारी

तैयारियों के बारे में बताते हुए आसियान इंडिया इकोनॉमिक काउंसिल (एआईईसी) के चेयरमैन रमेश कोडम्मल ने कहा कि मलेशियाई सरकार और वहां की जनता प्रधानमंत्री मोदी का दिल से स्वागत कर रही है.

उन्होंने कहा, ‘यह लंबे समय से प्रतीक्षित यात्रा है और लोग पीएम मोदी को देखने, सुनने और उनसे मिलने को लेकर बेहद उत्साहित हैं. यह भारत-मलेशिया रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का सुनहरा मौका है’. कोडम्मल ने बताया कि वर्ष 2023-24 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार करीब 20 अरब डॉलर रहा है, जिसके आगे और बढ़ने की उम्मीद है. साथ ही भारत-आसियान और भारत-मलेशिया के व्यापारिक रिश्ते भी लगातार मजबूत हो रहे हैं.

भारतीय समुदाय कर रहा इंतजार

भारतीय समुदाय के एक सदस्य ने कहा, ‘हम पीएम मोदी को यहां देखने को लेकर बेहद उत्साहित हैं. मैं 10 साल पहले उनकी यात्रा का भी हिस्सा रहा था. एक दशक बाद उनका फिर से मलेशिया आना, जहां दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा भारतीय समुदाय रहता है, यह दिखाता है कि वे भारत और मलेशिया के बीच द्विपक्षीय और सांस्कृतिक रिश्तों को कितना मजबूत करना चाहते हैं’.

एक अन्य प्रवासी भारतीय ने कहा, ‘हमारे लिए यह बेहद गर्व और खुशी की बात है कि पीएम मोदी यहां आ रहे हैं. यह हमारे लिए एक सुनहरा मंच है. मलेशिया भरतनाट्यम डांस एसोसिएशन की ओर से हम एक विशेष प्रस्तुति देने जा रहे हैं, जिसमें अलग-अलग नृत्य शैलियों को एक ही कोरियोग्राफी में पेश किया जाएगा’.

800 कलाकार करेंगे परफॉर्म

पीएम मोदी के स्वागत के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी भव्य तैयारी की जा रही है. करीब 800 कलाकार और नर्तक शास्त्रीय और फ्यूजन प्रस्तुतियों का अभ्यास कर रहे हैं, जिनमें कथक, भरतनाट्यम और बैले जैसे नृत्य शामिल हैं.

एक कलाकार ने बताया, ‘हमने कई हफ्तों तक इस प्रस्तुति के लिए अभ्यास किया है. हमने कथक और बैले का फ्यूजन तैयार किया है, जो करीब दो मिनट का होगा. हम उम्मीद करते हैं कि पीएम मोदी को यह प्रस्तुति जरूर पसंद आएगी’.

वहीं एक कोरियोग्राफर ने कहा, ‘तैयारियां काफी समय से चल रही हैं. मेरे चार छात्र इस प्रस्तुति का हिस्सा हैं. सभी सीनियर सेकेंडरी के छात्र हैं और उनका शेड्यूल काफी व्यस्त रहता है, फिर भी हमने जितना संभव हो सका उतना अभ्यास किया’.

इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. इन बैठकों में व्यापार, वित्त और समग्र रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर खास जोर दिए जाने की उम्मीद है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *