Last Updated:
सर्दियों में जूते धोना जितना जरूरी होता है, उतना ही मुश्किल उन्हें जल्दी सुखाना भी होता है. धूप की कमी और ठंडी हवा की वजह से जूते लंबे समय तक गीले रहते हैं, जिससे बदबू और नमी की समस्या होने लगती है. ऐसे में कुछ आसान और स्मार्ट ट्रिक्स अपनाकर जूतों को जल्दी और सुरक्षित तरीके से सुखाया जा सकता है.
सर्दियों के मौसम में जूते धोना अपने आप में एक बड़ी परेशानी बन जाता है. ठंड और धूप की कमी की वजह से जूते कई-कई दिनों तक गीले रहते हैं, जिससे बदबू आने लगती है और पहनने में भी दिक्कत होती है.

कई बार नमी के कारण जूतों का मटीरियल खराब होने लगता है या उनमें फंगस तक लग जाता है. लेकिन अगर सही तरीका अपनाया जाए, तो सर्दियों में भी जूते जल्दी और सुरक्षित तरीके से सुखाए जा सकते हैं, बिना उनकी शेप या क्वालिटी खराब किए.

जूते धोने के बाद सबसे जरूरी काम है अतिरिक्त पानी निकालना. अक्सर लोग जूते धोने के बाद सीधे सूखने के लिए रख देते हैं, जबकि अंदर काफी पानी भरा रहता है. सबसे पहले जूतों को हल्के हाथ से दबाकर पानी निकाल लें. ध्यान रखें कि जूतों को मरोड़ें नहीं, वरना उनकी शेप बिगड़ सकती है. इसके बाद जूतों के अंदर से इनसोल निकाल दें, क्योंकि यही हिस्सा सबसे ज्यादा देर तक गीला रहता है. इनसोल को अलग से सुखाने से जूते जल्दी सूखते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

जूते जल्दी सुखाने की एक बेहद कारगर ट्रिक है अखबार या टिश्यू पेपर का इस्तेमाल. जूतों के अंदर सूखा अखबार या मोटा टिश्यू भर दें. यह नमी को तेजी से सोख लेता है और जूतों को अंदर से सूखाने में मदद करता है. अगर जूते ज्यादा गीले हों, तो कुछ घंटों बाद अखबार बदल दें. यह तरीका खासतौर पर स्पोर्ट्स शूज और कैनवास शूज के लिए काफी असरदार माना जाता है.

सर्दियों में धूप कम मिलती है, ऐसे में जूतों को हवादार और गर्म जगह पर रखना बहुत जरूरी होता है. जूतों को हीटर या ब्लोअर के बिल्कुल पास रखने की गलती न करें, क्योंकि ज्यादा गर्मी से गोंद ढीली हो सकती है और जूते खराब हो सकते हैं. बेहतर है कि जूतों को खिड़की के पास, पंखे के नीचे या ऐसे कमरे में रखें जहां हवा का अच्छा फ्लो हो. चाहें तो रात में जूतों को कमरे के अंदर ही खुले में रख सकते हैं.

एक और आसान तरीका है हेयर ड्रायर का सही इस्तेमाल. अगर आपको जूते जल्दी पहनने हैं, तो हेयर ड्रायर को मीडियम हीट पर रखकर जूतों के अंदर और बाहर से हल्की हवा दें. ध्यान रखें कि ड्रायर को बहुत पास न रखें और लगातार एक ही जगह पर हवा न दें. इससे जूतों का मटीरियल सुरक्षित रहता है और नमी भी जल्दी निकल जाती है.

अगर आपके पास समय है, तो नमक या सिलिका जेल भी मददगार हो सकता है. एक कपड़े की पोटली में नमक भरकर जूतों के अंदर रख दें. नमक नमी को तेजी से सोख लेता है. इसी तरह नए जूतों के साथ मिलने वाले सिलिका जेल पैकेट भी जूतों के अंदर रखे जा सकते हैं. यह तरीका बदबू को कम करने में भी मदद करता है. इन आसान और काम की ट्रिक्स को अपनाकर सर्दियों में भी जूते जल्दी सूखाए जा सकते हैं. सही तरीका न सिर्फ समय बचाता है, बल्कि जूतों को लंबे समय तक खराब होने से भी बचाता है.
.