50 मिनट पहलेलेखक: अदिति ओझा
- कॉपी लिंक
सर्दियों का मौसम है और शादी का सीजन भी चल रहा है। ऐसे में स्किन पर तरह–तरह के मेकअप प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल भी बढ़ जाता है।
बाहर की ठंडी हवा, अंदर की ड्राई हीटिंग, कम ह्यूमिडिटी और गिरता तापमान, ये सब मिलकर स्किन बैरियर को कमजोर कर देते हैं। नतीजा होता है, स्किन में रूखापन, जलन, फ्लेकीनेस, सेंसिटिविटी और मेकअप का आसानी से फट जाना।
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ की एक स्टडी बताती है कि सर्दियों में हीटेड और सूखी हवा त्वचा की नमी को 25-30% तक कम कर देती है। इसलिए ऑयली स्किन वाले भी अचानक ड्राई स्किन की शिकायत करने लगते हैं।
इसलिए आज जरूरत की खबर में जानेंगे सर्दियों में मेकअप करते समय किन बातों का ख्याल रखें। साथ ही जानेंगे कि-
- मेकअप का स्टेप–बाइ–स्टेप प्रोसेस क्या है।
- मेकअप करते समय कौन सी गलती नहीं करनी चाहिए।
एक्सपर्ट- हरि कुमार, मेकअप एक्सपर्ट, जालौन, उत्तर प्रदेश
सवाल- सर्दियों में स्किन रूखी और बेजान क्यों हो जाती है?
जवाब- सर्दियों में हाथ, पैर, चेहरा और शरीर का सूखना बिल्कुल आम बात है, क्योंकि ठंडी हवा में नमी बहुत कम होती है। जैसे-जैसे तापमान गिरता है, हवा त्वचा के नेचुरल ऑयल्स को खींच लेती है, जिन पर स्किन की नर्मी और चमक टिकी होती है।
सवाल- त्वचा की प्राकृतिक नमी बनाए रखने के लिए क्या करें?
जवाब- सर्दियों में हवा की ठंडक और कमरे की ड्राईनेस त्वचा की नमी को तेजी से खींच लेती है। ऐसे में सिर्फ मॉइस्चराइजर ही नहीं, बल्कि कुछ सरल आदतें भी स्किन को मुलायम और हाइड्रेटेड रखने में बड़ा रोल निभाती हैं। नीचे ग्राफिक्स में देखिए।

अब आइए इन पॉइंट्स को विस्तार से समझते हैं-
मॉइस्चराइजर का ज्यादा इस्तेमाल
चेहरा या हाथ धोने से स्किन के नेचुरल ऑयल्स हट जाते हैं। ये ऑयल नमी को लॉक करते हैं। इसलिए हर बार धोने के तुरंत बाद क्रीम या लोशन लगाएं। सर्दियों में क्रीम लोशन से बेहतर होती है।
कमरे में ह्यूमिडिफायर लगाएं
ठंडी हवा और कमरे की ड्राई हीटिंग, दोनों स्किन को सुखाते हैं। ह्यूमिडिफायर हवा में नमी वापस लाता है।
गुनगुने पानी से नहाएं
बहुत गर्म पानी स्किन की फैटी लेयर को हटा देता है, जिससे त्वचा और रूखी होती है। गुनगुना पानी बॉडी की नमी बचाए रखता है।
स्किन एक्सफोलिएट करें
सही एक्सफोलिएशन डेड सेल्स हटाता है और स्किन को स्मूद बनाता है, जिससे मॉइस्चर अच्छे से अब्जॉर्ब होता है और स्किन में नमी बनी रहती है।
ज्यादा पानी पिएं
सर्दियों में ज्यादा पानी पीने से त्वचा हाइड्रेटेड और हेल्दी रहती है। यह त्वचा की रंगत में सुधार करता है, चमक लाता है और स्किन फटने की समस्या को कम करने में मदद करता है।
रफ कपड़ों से बचें
खुरदुरे फैब्रिक स्किन को इरिटेट करते हैं। इसलिए ऐसे कपड़ों को पहनने से बचना चाहिए।
दस्ताने पहनें
बाहर इंसुलेटेड ग्लव्स और घर में किचन में सिलिकॉन ग्लव्स हाथों को ड्राइनेस और गर्म पानी से बचाते हैं और हाथ को मुलायम रहते हैं।
सही मॉइस्चराइजर चुनें
स्किन को मॉइस्चराइज रखने के लिए सही क्रीम चुनना बेहद जरूरी है। इसलिए क्रीम में हायल्यूरॉनिक एसिड, यूरिया, सेरामाइड्स वाला ऑप्शन चुनें। ये स्किन को हेल्दी रखने में मदद करते हैं।

नेचुरल ऑयल्स का इस्तेमाल करें
मिनरल ऑयल, नारियल तेल, सीड ऑयल या विटामिन E स्किन पर वॉटर लॉस रोकते हैं।
लिप केयर
होंठ सबसे जल्दी फटते हैं। इसके लिए एमोलिएंट बेस्ड (ऐसे इंग्रेडिएंट्स जो होंठों को नरम, मॉइस्चराइज और रिपेयर करते हैं) लिप बाम दिन में कई बार लगाएं।
सवाल- सर्दियों में मेकअप करते समय किन बातों का ध्यान रखें?
जवाब- विंटर मेकअप रूटीन में कुछ स्मार्ट बदलाव जरूरी हैं, जैसे हल्का एक्सफोलिएशन, फेस ऑयल, ड्यूई बेस, और हाइड्रेटिंग टेक्निक्स, जो पूरे दिन ग्लो और फ्रेशनेस बनाए रखें। पॉइंटर्स से समझते हैं-
एक्सफोलिएट करें
सही तरीके से किया गया एक्सफोलिएशन त्वचा को ड्राई नहीं करता बल्कि मेकअप के लिए एक स्मूद और फ्लॉलेस बेस तैयार करता है।
फेस ऑयल लगाएं
फेस ऑयल को रूटीन में शामिल करें। अगर आपकी त्वचा सर्दियों में ज्यादा ड्राई रहती है, तो फेस ऑयल स्किन को एक्स्ट्रा पोषण देता है।
हाइड्रेशन
कोई भी स्किन टाइप हो, विंटर मेकअप में सबसे जरूरी चीज हाइड्रेशन होती है। अच्छी तरह हाइड्रेटेड स्किन पर मेकअप क्रैक नहीं होता और पूरा दिन फ्रेश दिखता है।
इल्यूमिनेटिंग प्राइमर
सर्दियों में वह नेचुरल ग्लो पाने के लिए मैटिफाइंग प्राइमर की जगह हाइड्रेटिंग, इल्यूमिनेटिंग प्राइमर चुनें।
फाउंडेशन में सीरम मिलाएं
अगर ठंडी हवा से आपकी त्वचा डल लग रही है, तो अपने क्रीम या लिक्विड फाउंडेशन में एक बूंद हाइड्रेटिंग सीरम मिलाएं। इससे त्वचा को एक्स्ट्रा मॉइस्चर मिलता है।
डैम्प ब्यूटी ब्लेंडर का इस्तेमाल
ड्यूई, हाइड्रेटेड फिनिश के लिए मेकअप स्पंज हमेशा हल्का-सा डैम्प रखें। इससे मेकअप ड्राई पैचेज पर नहीं अटकेगा और एप्लिकेशन भी नेचुरल दिखेगा।
हाई पॉइंट्स को हाईलाइट करें
एक लिक्विड हाईलाइटर सर्दियों में एक्स्ट्रा ग्लो का बेस्ट तरीका है। इसे ब्राउ बोन, चीकबोन्स, नोज ब्रिज और क्यूपिड्स बो पर लगाएं। इससे आपके नेचुरल रेडिएंस को एक खूबसूरत, ड्यूई फिनिश मिलता है।
फेशियल मिस्ट
सर्दियों में फेशियल मिस्ट त्वचा को पूरे दिन हाइड्रेटेड रखता है और मेकअप को ड्राई होकर क्रैक होने से बचाता है। ऐसा सेटिंग स्प्रे चुनें, जो एक हाइड्रेटिंग फेशियल मिस्ट की तरह भी काम करे। इससे मेकअप लॉक होता है और स्किन में नमी भी बनी रहती है।
रिच लिप शेड्स अपनाएं
सर्दियों में डीप, वॉर्म, रिच शेड्स सबसे खूबसूरत लगते हैं। मुल्ड वाइन, बेरी टोन या हॉट-चॉकलेट ब्राउन जैसे रंग विंटर मेकअप को कोजी और चिक वाइब देते हैं। ठंड के मौसम में ऐसे लिप शेड्स हमेशा चेहरे को ब्राइट और ग्लैमरस बनाते हैं।

सवाल- सर्दियों स्टेप–बाय–स्टेप मेकअप का प्रोसेस क्या है?
जवाब- पांच इजी स्टेप्स में आप ग्लोइंग मेकअप कर सकती हैं।
स्टेप 1- हाइड्रेटिंग प्राइमर
मेकअप शुरू करने से पहले अच्छी मात्रा में हाइड्रेटिंग प्राइमर लगाएं। विटामिन ई जैसे पोषक तत्वों वाला ड्यूई प्राइमर स्किन को भीतर से हाइड्रेट रखता है।
स्टेप 2- क्रीम-बेस्ड फाउंडेशन
विंटर मेकअप के बेस के लिए क्रीमी और इल्यूमिनेटिंग फाउंडेशन चुनें। सर्दियों में पाउडर फाउंडेशन त्वचा पर फ्लेक्स बनाता है। इसलिए क्रीमी, लाइटवेट और इल्यूमिनेटिंग फाउंडेशन चुनें।
स्टेप 3- ब्लश और ब्रॉन्ज
सर्दियों में चेहरे पर गर्माहट लाने के लिए ब्रॉन्जर बेहद उपयोगी है। वॉर्म टोन वाले पीची ब्लश से गाल नेचुरली फ्लश्ड दिखते हैं।
स्टेप 4- न्यूट्रल आई मेकअप
सर्दियों में दिन छोटे और रोशनी कम होती है। इसलिए न्यूट्रल आई मेकअप चेहरा ब्राइट रखता है। वार्म, न्यूड टोन का आईशैडो पैलेट चुनें। आंखों के आसपास प्राइमर लगाना न भूलें ताकि पाउडर मेकअप स्किन को ड्राई न करे।
स्टेप 5- लिप केयर
सर्दियों में ठंडी हवा की वजह से होंठ ज्यादा फटते हैं। इसलिए SPF युक्त मॉइश्चराइजिंग लिप बाम लगाएं। चाहें तो टिंटेड या कलर-चेंजिंग बाम का इस्तेमाल करें। अंत में न्यूड मैट लिपस्टिक या ग्लेज्ड चीक-लिप टिंट से लुक को कंप्लीट करें।
सवाल- सर्दियों में मेकअप करते समय कौन-सी गलतियां नहीं करनी चाहिए?
जवाब- ठंड के मौसम में छोटी-सी गलती भी पूरे लुक को बिगाड़ सकती है। इसलिए मेकअप करते समय कुछ बातों का खास ध्यान रखना जरूरी है। पॉइंटर्स से समझते हैं-
1. गलत फाउंडेशन शेड
सर्दियों में धूप कम होने से स्किन टोन हल्का हो जाता है। ऐसे में गर्मियों वाले शेड इस्तेमाल करना मेकअप को खराब दिखा सकता है।
2. ओवर-ब्रॉन्जिंग
सर्दियों में टैन लुक पसंद होता है, लेकिन ज्यादा ब्रॉन्जर लगाने से मेकअप अनैचुरल दिखता है।
3. बहुत ज्यादा ब्लश
ब्लश सिर्फ हल्की रंगत देने के लिए होता है। सर्दियों में ज्यादा ब्लश नहीं लगाना चाहिए क्योंकि ठंड में वैसे भी गाल नेचुरली लाल हो जाते हैं।
4. ड्राईनेस को नजरअंदाज करना
ठंड त्वचा और ब्यूटी प्रोडक्ट्स दोनों को प्रभावित करती है। इसलिए स्किन को हाइड्रेटेड रखें।

सवाल- सर्दियों में क्या खाएं ताकि स्किन हेल्दी रहे?
जवाब- विटामिन E, C, एंटीऑक्सिडेंट्स और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर भोजन जैसे नट्स, सीड्स, हरी सब्जियां, फैटी फिश, सिट्रस फल, अमरूद, बेल पेपर और स्वीट पोटैटो स्किन बैरियर को मजबूत बनाते हैं। मौसमी फल और ग्रीन टी शरीर को भीतर से हाइड्रेटेड रखते हैं।
……………….
जरूरत की ये खबर भी पढ़िए…
जरूरत की खबर- सर्दियों में फटते हाथ-पैर, रूखी होती त्वचा:हेल्दी स्किन के लिए खाएं ये चीजें, स्किन मॉश्चराइज करने की घरेलू टिप्स

सर्दियों में ज्यादातर लोगों को स्किन प्रॉब्लम्स होती हैं। कभी ड्राईनेस होती है, कभी स्किन फट जाती है। ठंडी और सूखी हवा में नमी बहुत कम होती है, जिससे स्किन का मॉश्चर जल्दी सूख जाता है।हालांकि थोड़ी सी सावधानी और सही स्किन केयर रूटीन से इस समस्या से बचा जा सकता है। पूरी खबर पढ़िए…
.