India Vs New Zealand In ICC Tournaments Finals: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में बीती रात यानी 5 मार्च को भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराया. टीम इंडिया ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है, जबकि न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर पहले ही फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया था. अब भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार यानी 8 मार्च को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला होगा. ये खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. हालांकि पहली बार दोनों टीमें टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में आमने-सामने होंगी, लेकिन इससे पहले भारत और न्यूजीलैंड का सामना आईसीसी इवेंट्स के फाइनल में अलग-अलग टूर्नामेंट्स में हो चुका है. इसलिए आइए एक बार रिकॉर्ड पर नजर डालते हैं.
2000 की चैंपियन ट्रॉफी के फाइनल में भारत-न्यूजीलैंड का हुआ था सामना
भारत और न्यूजीलैंड के बीच साल 2000 के चैंपियन ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला हुआ था. न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को इस खिताबी मुकाबले में 4 विकेट से हराया था. इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 265 रन का टारगेट दिया था, जिसे न्यूजीलैंड की टीम ने 49.4 ओवर में चेज कर लिया था.
2021 के WTC फाइनल में भी भारत और न्यूजीलैंड की हुई थी भिड़ंत
भारत और न्यूजीलैंड के बीच साल 2021 के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल भी खेला गया था. ये वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का पहला फाइनल था. इस फाइनल मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 8 विकेट से हरा दिया था.
भारत-न्यूजीलैंड की टीम 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भी भिड़ी थीं
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल भी भारत और न्यूजीलैंड के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया था. इस खिताबी मुक़ाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया था. न्यूजीलैंड ने भारत के सामने 252 रन का टारगेट रखा था, जिसे टीम इंडिया ने 49 ओवर में आसानी से चेज कर लिया था.
कुल मिलाकर, भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी टूर्नामेंट्स के तीन फाइनल मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से दो न्यूजीलैंड ने तो एक भारत ने जीता है. अब देखना होगा कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में होने वाले खिताबी मुकाबले में कौन-सी टीम बाजी मारती है.
.