Last Updated:
Working Out Too Long Harmful: कई लोग जिम में जाकर घंटों वर्कआउट करते रहते हैं, लेकिन ऐसा करना सेहत के लिए ठीक नहीं होता है. फिटनेस एक्सपर्ट्स के अनुसार रोज 45 मिनट से 1 घंटे तक जिम करना पर्याप्त होता है. जरूरत से ज्यादा वर्कआउट करने से थकान, चोट और हार्मोनल असंतुलन का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए संतुलन बेहद जरूरी है.
How Much Workout Is Too Much: हेल्दी और फिट रहने के लिए बड़ी संख्या में लोग जिम जाना पसंद करते हैं. शहरों में जिम का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है और हर उम्र के लोगों को जिम में वर्कआउट करते हुए देखा जा सकता है. जिम में जाकर वजन घटाने, मसल्स बनाने और एक्टिव लाइफस्टाइल के लिए लोग घंटों पसीना बहाते हैं. कुछ लोग 10-15 मिनट वर्कआउट करके संतुष्ट हो जाते हैं, तो कई लोग जिम में 1-2 घंटे तक वर्कआउट करते हैं. अक्सर लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि आखिर एक दिन में कितनी देर जिम करना सही है? एक्सपर्ट्स के अनुसार जरूरत से ज्यादा वर्कआउट करना नुकसानदायक हो सकता है.
नोएडा की फोर्टियर फिटनेस एकेडमी के ट्रेनर देव सिंह ने News18 को बताया कि एक सामान्य व्यक्ति के लिए रोज 45 मिनट से 1 घंटा जिम करना पर्याप्त होता है. इस दौरान कार्डियो, स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और स्ट्रेचिंग का सही संतुलन होना चाहिए. अगर आप शुरुआत कर रहे हैं, तो 30 मिनट का वर्कआउट भी काफी होता है. धीरे-धीरे शरीर की क्षमता के अनुसार समय बढ़ाना बेहतर है. जरूरत से ज्यादा देर तक वर्कआउट करने से शरीर पर नेगेटिव असर पड़ सकता है. लंबे समय तक जिम करने से मांसपेशियों में थकान, दर्द और इंजरी का खतरा बढ़ जाता है. इसके अलावा ओवरट्रेनिंग से हार्मोनल असंतुलन भी हो सकता है.
एक्सपर्ट के अनुसार वजन घटाने की चाह में कई लोग 2 से 3 घंटे तक जिम करते हैं, जो सही नहीं माना जाता है. फैट लॉस के लिए क्वालिटी वर्कआउट ज्यादा जरूरी है, न कि लंबा समय. सही एक्सरसाइज, सही तकनीक और नियमितता से कम समय में भी बेहतर रिजल्ट मिल सकता है. मसल्स बनाने वालों के लिए भी वर्कआउट का संतुलन जरूरी है. स्ट्रेंथ ट्रेनिंग के बाद मांसपेशियों को रिकवरी के लिए समय चाहिए होता है. अगर आप रोजाना बिना ब्रेक के भारी वर्कआउट करेंगे, तो मसल ग्रोथ की बजाय मसल ब्रेकडाउन हो सकता है. इसलिए वीक में कम से कम 1-2 दिन का रेस्ट देना बेहद जरूरी होता है.
जिम ट्रेनर की मानें तो एथलीट और बॉडी बिल्डर्स के लिए वर्कआउट का समय सामान्य लोगों से ज्यादा होता है. ऐसे में सभी के लिए ज्यादा देर वर्कआउट ठीक नहीं माना जाता है. जिम करने का सही समय व्यक्ति की उम्र, फिटनेस लेवल और गोल्स पर निर्भर करता है. अपने शरीर के संकेतों को समझें और थकान या दर्द होने पर खुद को आराम दें. संतुलित डाइट, पर्याप्त नींद और सही वर्कआउट रूटीन अपनाकर ही फिट और स्वस्थ रहा जा सकता है.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें
.