वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) और यूके की नेशनल हेल्थ सर्विस (NHS) की रिपोर्ट के अनुसार सभी वयस्कों को रोज करीब 300 से 400 ग्राम सब्जी खानी चाहिए. अगर हम इसे कटोरी में बदलें, तो एक कटोरी में लगभग 100 से 120 ग्राम सब्जी हो सकती है. इस हिसाब से आपको हर दिन कम से कम 3 से 4 कटोरी सब्जियां खानी चाहिए. यह मात्रा आपकी सेहत के लिए पर्याप्त होगी, ताकि आप सभी जरूरी पोषक तत्व प्राप्त कर सकें.
आप जितनी ज्यादा तरह की सब्जियां खाएंगे, उतना ही आपके शरीर को फायदा होगा. हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे- पालक, बथुआ, मेथी, ब्रोकोली और रंग-बिरंगी सब्जियां जैसे- गाजर, शिमला मिर्च, टमाटर, शकरकंद आपको विभिन्न प्रकार के पोषक तत्व प्रदान करती हैं. इसके अलावा सब्जियों में फैट, कैलोरी और सोडियम की मात्रा बेहद कम होती है. इससे वजन कम करने और स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है.
हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो सब्जियां न केवल पोषक तत्वों का खजाना होती हैं, बल्कि ये हमारे पाचन तंत्र, हार्ट और इम्यून सिस्टम को भी मजबूत बनाती हैं. इनमें मौजूद फाइबर आंतों के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होता है, जो कब्ज और अन्य पाचन समस्याओं को दूर करता है. इसके अलावा सब्जियां ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल लेवल को कंट्रोल करने में मदद करती हैं. ये हमारे शरीर को डिटॉक्स करने का काम भी करती हैं, क्योंकि इनमें पानी की मात्रा अधिक होती है.