लड़का से लड़की कैसे बनी अनाया बांगर, सेक्स चेंज की पूरी प्रक्रिया और खर्च क्या है, डिटेल में प्लास्टिक सर्जन से जानिए

Anaya Bangar Surgery: जेंडर अफर्मिंग सर्जरी. क्या इसके बारे में आपको पता है. पहले यह जान लीजिए कि भारतीय टीम के पूर्व कोच संजय बांगड़ का बेटा अब बेटी हो गई हैं. उसने अपना नाम अनाया बांगर रख लिया. अनाया पहले ही लड़का से लड़की बनने के लिए सर्जरी करा चुकी थी. लेकिन पूर्ण रूप से वह लड़की नहीं बन पाई थी. इसलिए अनाया अब जेंडर अफर्मिंग सर्जरी करवाएगी. मार्च में उनकी सर्जरी थाईलैंड में होगी. यह विषय बेहद जुगुप्सा वाला है. इसलिए हमने इस विषय पर सब कुछ डिटेल में जानने के लिए इस तरह की सर्जरी करने वाले आकाश हेल्थकेयर में प्लास्टिक सर्जन डॉक्टर चिरायु प्रवल से बात की. उन्होंने इस सर्जरी की पूरी बारीकियां बताई हैं. आप लड़का से लड़की बनने या लड़की से लड़का बनने की पूरी प्रक्रिया को मेडिकली जान पाएंगे.

क्या होती है जेंडर अफर्मिंग सर्जरी
जब कोई लड़का लड़की बनना चाहे तो उसके अंग बदलने या सेक्स चेंज करने के लिए जेंडर अफर्मिंग सर्जरी की जाती है. डॉ. चिरायु प्रवल कहते हैं कि इसके नाम से ही लगता है कि यह किसी के जेंडर को कंफर्म करने की चीज है. इस सर्जरी में जेंडर बदलने के लिए जरूरी शारीरिक बनावट को बदलना होता है. मतलब अगर कोई लड़का लड़की बनना चाहता है तो उसके उपर वाले हिस्से में ब्रेस्ट बनाया जाएगा और नीचे वाले हिस्से में लड़कियों वाले जननांग बनाए जाएंगे. इसके अलावा पूरी तरह से लड़की बनने के लिए कई तरह की चीजें की जाती है. उसका शक्ल लड़कियों की तरह बनाई जाएगी. इसमें आंख, नाक, मुंह, आइब्रो, थाई, बॉटम आदि के लिए सर्जरी की जाती है. इसमें सही से फील कराने के लिए हार्मोनल थेरेपी भी होती है. लेकिन सबसे जरूरी बात यह है कि जेंडर अफर्मिंग सर्जरी का मकसद पहचान और शरीर के बीच सामंजस्य बनाना है, न कि सिर्फ़ कॉस्मेटिक बदलाव या उपर का बदलाव है.

कौन कराता है यह सर्जरी
इस विषय पर डॉ. चिरायु प्रवल कहते हैं कि यह विषय बहुत ही जटिल और विवादास्पद है. हम इसके मेडिकल परिप्रेक्ष्य में कह सकते हैं. दरअसल, कुछ लोग बायलॉजिकल रूप से जिस जेंडर में पैदा लेते हैं, उनकी सोच उस तरह से नहीं हो पाती है. यानी कोई लड़का है, उसके सारे अंग लड़कों वाला ही है लेकिन वह लड़कों की तरह फील नहीं कर पाते हैं. इसे मेडिकल टर्म में जेंडर इनकॉम्ब्रिवंस कहते हैं. इसमें व्यक्ति की सोच, भावना और मन शरीर के हिसाब से एलाइन नहीं हो पाता है. इसलिए सेक्स और जेंडर को एक लाइन में लाया जाता है. पहले हम देखते हैं कि इसमें कोई हार्मोनल और मानसिक कारण तो नहीं है. अगर ये दोनों कारण नहीं है और व्यक्ति मेंटली फिट और वह अपने शरीर के हिसाब से खुद के मन को ढाल नहीं पाता है, उस शरीर में उसे घुटन होती है तो इस स्थिति में जेंडर चेंज करानी की जरूरत हो सकती है. हालांकि यह उस व्यक्ति पर निर्भर है कि वह इसे कराना चाहता है या नहीं.

क्या यह सर्जरी करवानी जरूरी है
डॉ. चिरायु प्रवल ने बताया कि कुछ लोगों में बिपरीत लिंगी गुण इतने ज्यादा होते हैं कि वह हार्मोनल थेरेपी लेने के बाद ही पूरी तरह से उस जेंडर को फील करने लगते हैं. वह पूरे जीवन बिना सर्जरी अपना जीवन बिता लेते हैं. इसलिए यह सर्जरी किसे जरूरत है यह उसकी सोच, भावना और शारीरिक बनावट के साथ-साथ उसकी व्यक्तिगत इच्छा पर निर्भर है.

सर्जरी में क्या-क्या होती है
डॉ. चिरायु प्रवल बताते हैं कि इसके लिए मुख्य तौर दो सर्जरी होती है. टॉप और बॉटम सर्जरी. टॉप सर्जरी में लड़के की छाती पर ब्रेस्ट इंप्लांट किया जाता है. इसे ब्रेस्ट ऑगमेंटेशन कहा जाता है. इसमें बाहरी चीजों से ब्रेस्ट इंप्लांट भी किया जा सकता है और शरीर के किसी मांसल हिस्से का मांस निकालकर उसे ब्रेस्ट भी बनाया जा सकता है. इसे फैट ग्राफ्टिंग कहा जाता है. जो लड़की लड़का बनना चाहे उसे ब्रेस्ट रिमूवल या चेस्ट रीशेपिंग सर्जरी करानी पड़ती है. टॉप के बाद बॉटम सर्जरी में लड़के को वेजिनोप्लास्टी करानी होती है. इसमें पुरुष के यौन अंगों से महिला प्राइवेट पार्ट को बनाया जाता है. इसका पूरा डिटेल नीचे हैं. इन दो मेन सर्जरी के अलावा लड़की की तरह दिखने के लिए आईब्रो, जॉलाइन, गाल आदि के लिए फेसियल फेमिनाइजेशन किया जाता है. इसमें नाक, जबड़ा, ठोड़ी, माथा, होंठ, थाई आदि का आकार बदला जाता है. दो मुख्य सर्जरी के बाद महिला के सारे एपीयरेंस को बनाने के लिए सैकड़ों सर्जरी की जा सकती है जिसका कोई अंत नहीं है.

महिला बनने के लिए क्यों जरूरी है वेजिनोप्लास्टी
अनाया बांगर पहले ही टॉप सर्जरी करा चुकी है. यानी उन्होंने ब्रेस्ट ऑगमेंटेशन सर्जरी करा चुकी है. अब वह नीचे के पुरुष वाले जननांग की जगह महिला वाले जननांग बनाने के लिए सर्जरी करवाएगी. इसे ही वेजिनोप्लास्टी कहा जाता है. डॉ. चिरायु प्रवल कहते हैं कि इसमें कई चीजें एक साथ होती है. सबसे पहले ऑर्किएक्टॉमी की जाती है. इसमें पुरुष के टेस्टिस को हटा दिया जाता है. इसके बाद पुरुष के पेनिस की सर्जरी कर उसी से महिला जैसी योनि का निर्माण किया जाता है. सीधे शब्दों में कहें तो पेनिस को वजाइना में कंवर्ट किया जाता है. इसे कॉमन पेनाइल इंवर्जन टेक्निक कहते हैं. इसमें सबसे पहले पेशाब निकलने वाले पाइप को छोटा किया जाता है ताकि वहां जगह बन सके. इसके बाद पेनिस को उसी गढ्ढे में उल्टा कर सेट कर दिया जाता है. इसमें पेनिस के उपरी हिस्से ग्लांस को उपर रखा जाता है. महिला में जो क्लाइटोरिस होती है उसका काम यही ग्लांस पेनिस करता है. अब टेस्टिस की स्किन से वजाइना के फोल्ड बनाए जाते हैं. इससे पूरी तरह यह वजाइना बन जाता है. इसके बाद यहां हजारों नर्व होती है जिसमें सेंसेशन होता है, इन सारे नर्व को महिला वजाइना की तरह ही सेट कर दिया जाता है.

क्या पुरुष से महिला बनने के बाद महिला जैसा यौन सुख मिलेगा
डॉ. चिरायु प्रवल ने बताया कि वजाइना को असली की तरह ही बनाया जाता है. यौन सुख के लिए महिला में क्लाइटोरिस होता है और पुरुष में ग्लांस पेनिस. जब सर्जरी की जाती है तो ग्लांस पेनिस को ही क्लाइटोरिस में तब्दील कर दिया जाता है और वजाइनल फोल्ड को स्क्रोटम की स्किन से बनाया जाता है. इसके साथ ही महिला हार्मोन को बढ़ाया जाता है. इन सारी स्थितियों में जब वह किसी पुरुष के साथ इंटरकोर्स करती है तो वह सुख मिलना चाहिए लेकिन कोई भी चीज सौ फीसदी परफेक्ट नहीं हो सकती है. ऐसे में उसे महिला वाला सुख तो मिलेगा लेकिन सौ फीसदी मिलेगा या नहीं, यह कोई नहीं कह सकता .

क्या लड़का लड़की बन जाए तो बच्चा भी होगा
नहीं, डॉ. चिरायु प्रवल कहते हैं कि वह इंटरकोर्स एक महिला की तरह ही कर पाएगा लेकिन चूंकि उसमें अंडाशय नहीं है इसलिए उसमें कभी अंडा नहीं बनेगा और इस स्थिति में वह कभी बच्चा पैदा नहीं कर सकता है, किसी आर्टिफिशियल तरीके से भी नहीं.

इस सर्जरी में कितना खर्च आएगा
डॉ. चिरायु प्रवल ने बताया कि इसका खर्च हर जगह अलग-अलग है. भारत में टॉप सर्जरी कराने में 2 से 3 लाख का खर्च आ सकता है. इसमें कम और ज्यादा भी हो सकता है. वहीं वेजिनोप्लास्टी कराने में 3 से 4 लाख का खर्च आ सकता है.

इस सर्जरी को कराने में कितना समय लगता
3 से 4 घंटे में वेजिनोप्लास्टी हो जाती है. लेकिन इसके बाद कुछ दिन आराम की जरूरत होती है. साथ ही डॉक्टरी की निगरानी में रहना जरूरी है.

थाईलैंड में क्यों कराने जाते हैं यह सर्जरी
थाईलैंड में सेक्स चेंज सर्जरी का परिस्कृत सेट अप बन गया है. वहां दुनिया भर के लोग सेक्स चेंज कराने के लिए आते हैं. साथ ही वहां अन्य वेस्टर्न देशों के मुकाबले कम खर्च में सर्जरी हो जाती है. दूसरी ओर लोग अपने देश में इसलिए नहीं कराते हैं कि चीजों को ज्यादा उघाड़ना नहीं चाहते. इसलिए गुप्त रूप से ऐसी सर्जरी करवाने के लिए थाईलैंड जाते हैं.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *