गेहूं के आटे से भी बन जाते हैं गरमागरम भटूरे, नोट कर लें शानदार रेसिपी

छोले भटूरे का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के मुंह में पानी आ जाता है. यह नॉर्थ इंडिया की सबसे पसंदीदा डिश में से एक मानी जाती है. हालांकि, जब सेहत की बात आती है तो कई लोग इसे खाने से बचते हैं. क्योंकि भटूरे मैदे से बनाए जाते हैं और उन्हें डीप फ्राई किया जाता है. मैदा गेहूं का ही रिफाइंड रूप होता है, लेकिन प्रोसेसिंग के दौरान इसमें मौजूद कई पोषक तत्व कम हो जाते हैं, इसलिए हेल्थ कॉन्शियस लोग इसे कम खाने की कोशिश करते हैं. दिल्ली जैसे शहरों में कई मशहूर दुकानों पर लोग छोले भटूरे खाने के लिए खास तौर पर पहुंचते हैं.

अगर आप बाहर का मैदा वाला भटूरा खाने से बचना चाहते हैं तो आप घर पर ही गेहूं के आटे से ही उतने ही फूले- फूले और टेस्टी भटूरे बना सकते हैं. इसके लिए आपको सही सामान और थोड़ी सी तकनीक की जरूरत होती है. ऐसे में चलिए आज हम आपको बताते हैं कि गेहूं के आटे से भी आप गरमा-गरम भटूरे कैसे बना सकते हैं और इसकी रेसिपी क्या है. 

गेहूं के भटूरे बनाने के लिए सामग्री 

  • दो कप गेहूं का आटा 
  • आधा कप सूजी 
  • आधा कप ताजा दही 
  • एक छोटी चम्मच चीनी 
  • एक चौथाई चम्मच बेकिंग सोडा 
  • स्वाद अनुसार नामक 
  • एक टेबल स्पून तेल (मोयन के लिए)
  • जरूरत के अनुसार गुनगुना पानी 
  • तलने के लिए तेल 

ये भी पढ़ें-Healthy Canned Foods: क्या डिब्बाबंद खाने को सेहत के लिए खराब मानते हैं आप? आपकी सोच बदल देगी यह नई रिपोर्ट

ऐसे तैयार करें भटूरे का आटा 

भटूरे का आटा तैयार करने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में गेहूं का आटा और सूजी डालकर मिला लें. इसके बाद इसमें नमक, चीनी और बेकिंग सोडा डालें. अब दही और थोड़ा सा तेल डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें. इसके बाद थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें. ध्यान रखें कि आटा ज्यादा सख्त न हो. क्योंकि नरम आटे से भटूरे अच्छी तरह खुलते हैं. आटे को लगभग 5 से 7 मिनट तक अच्छी तरह मसल कर गूंथे जिससे उसमें लचीलापन आता है. इसके बाद आटा गूंथने के बाद उसकी सतह पर थोड़ा तेल लगाकर उसे ढक दें. इसे कम से कम 1 से 2 घंटे के लिए किसी गर्म जगह पर रख दें. इस दौरान आटा थोड़ा फर्मेट हो जाता है, जिससे भटूरे तलते समय अच्छी तरह फूलते और मुलायम होते हैं. 

भटूरे तलने का तरीका 

आटे के फर्मेट होने के बाद आटे को हल्का सा मसल लें और उसकी छोटी-छोटी लोईयां बना ले. अब हर लोई को बेलन की मदद से मीडियम मोटाई में बेल लें. कोशिश करें कि भटूरा ज्यादा पतला न हो तभी वह अच्छी तरह खुलता है. अब कढ़ाई में तेल डालकर अच्छी तरह गर्म करें. तेल गर्म होने के बाद एक-एक करके भटूरे तेल में डालें और हल्के से दबाएं. इससे कुछ ही सेकंड में भटूरा गुब्बारे की तरह खुलने लगता है. वहीं दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तलें और फिर निकाल लें. गरमा गरम भटूरे को छोले, अचार और प्याज के साथ सर्वे किया जा सकता है. 

ये भी पढ़ें-Black Grapes Vs Green Grapes: काले अंगूर पर ज्यादा पेस्टिसाइड लगा होता है या हरे अंगूर पर? जानें इसे सही से साफ करने का तरीका

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *