रीवा-सीधी NH पर भीषण सड़क हादसा… स्कॉर्पियो और ऑटो की सीधी भिड़ंत, दो की मौत और कई घायल

रीवा के गुढ़ थाना क्षेत्र से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। रीवा-सीधी नेशनल हाईवे पर ग्राम गेरूई के समीप एक तेज रफ्तार स्कार्पियो और यात्रियों से भर …और पढ़ें

Publish Date: Sun, 22 Feb 2026 03:26:04 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Feb 2026 03:26:04 PM (IST)

रीवा-सीधी NH पर भीषण सड़क हादसा

HighLights

  1. रीवा-सीधी NH पर स्कार्पियो और ऑटो की टक्कर में दो लोगों की मौत
  2. फरार स्कॉर्पियो चालक की गाड़ी से पुलिस को डंडे और चाकू हुए बरामद
  3. हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में हालत बनी हुई है नाजुक

नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। रीवा-सीधी नेशनल हाईवे पर ग्राम गेरूई के समीप एक तेज रफ्तार स्कार्पियो और यात्रियों से भरे ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना गुढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गेरूई में एक पेट्रोल पंप के पास घटित हुई।

आमने-सामने की भिड़ंत में उड़े ऑटो के परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, ऑटो रीवा से गुढ़ की ओर जा रहा था, जबकि स्कार्पियो वाहन सीधी की दिशा से रीवा की ओर आ रहा था। पेट्रोल पंप के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने की भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क पर ही पलट गया। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। शुरुआती खबरों के अनुसार, ऑटो में सवार एक महिला और एक पुरुष की इस हादसे में जान चली गई है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने मौके पर चार लोगों की मौत और एक के गंभीर रूप से घायल होने की बात कही है।

घायलों की हालत नाजुक, अस्पताल में भर्ती

घायलों को तत्काल उपचार के लिए रीवा के नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद स्कार्पियो का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की जांच के दौरान स्कार्पियो वाहन के भीतर से संदिग्ध वस्तुएं बरामद हुई हैं। पुलिस को तलाशी के दौरान वाहन के अंदर से डंडे और चाकू मिले हैं, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वाहन में हथियार क्यों रखे थे और चालक कौन था।

पुलिस की कार्रवाई और यातायात बहाली

सूचना मिलते ही गुढ़ और गोविंदगढ़ पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सड़क हादसे के बाद रीवा-सीधी मार्ग पर लंबा जाम लग गया था, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार स्कार्पियो चालक की तलाश तेज कर दी है।

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *