Last Updated:
उज्जैन में देर रात देवास रोड पर स्कॉर्पियो और आयशर की भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई. मृतकों में विशाल सिंह शामिल था जिसकी शादी 12 जनवरी को होने वाली थी. दोनों युवक दोस्त की शादी से लौट रहे थे. रॉन्ग साइड से ब्रिज पर चढ़ने के कारण हादसा हुआ. पुलिस ने आयशर वाहन जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है.
उज्जैन. महाकाल की नगरी में देर रात हुए सड़क हादसे के बाद से मातम छाया हुआ है. यहां देवास रोड पर दताना के समीप रात करीब 3 बजे स्कॉर्पियो और लहसुन से भरी आयशर ट्रक के बीच हुई भीषण भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. इनमें से एक युवक विशाल सिंह अपनी शादी की तैयारी में जुटा था. उसकी 12 जनवरी को शादी तय थी, परिवार में मांगलिक माहौल अब मातम में बदल गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तो वहीं परिवार समझ ही नहीं पा रहा है कि वह क्या करें? एक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन ली हैं.
नरवर थाना प्रभारी बल्लू मंडलोई के अनुसार दोनों युवक अपने दोस्त के शादी समारोह से लौट रहे थे. इंदिरा नगर निवासी पवन सोनी की बारात नरवर गई थी और विशाल सिंह तथा संदीप पटेल स्कॉर्पियो से वहां शामिल होने पहुंचे थे. मांगलिक कार्यक्रम से देर रात वापसी के दौरान दताना के पास उनकी गाड़ी ब्रिज पर रॉन्ग साइड चढ़ गई और सामने से आ रहे आयशर वाहन से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. दोनों युवकों के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. दुर्घटना के बाद आयशर चालक वाहन छोड़कर भाग गया. पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है. हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है.
सड़क निर्माण कार्य और संकरी लेन के कारण हुआ हादसा
देर रात यात्रा और रॉन्ग साइड ड्राइविंग इस दुर्घटना की सबसे बड़ी वजह मानी जा रही है. जानकारी के मुताबिक दोनों युवक शांत माहौल में घर लौट रहे थे. दताना क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य और संकरी लेन के कारण कई बार वाहन नियंत्रण खो देते हैं. पुलिस का कहना है कि यह इलाका पहले भी दुर्घटना का हॉटस्पॉट रहा है.
कौन थे मृतक युवक
● विशाल सिंह. 26 वर्ष. निवासी टोड़ीगांव ब्यावरा.
● संदीप पटेल. 35 वर्ष. निवासी असलाना बड़नगर.
● दोनों पवन सोनी नामक परिचित की बारात से लौट रहे थे.
● विशाल सिंह खेती से जुड़ा था और एमबीए की पढ़ाई पूरी कर चुका था.
● दोनों की मौके पर ही मौत हुई और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी.
जनवरी में होने वाली थी विशाल की शादी
परिजनों के अनुसार विशाल की शादी 12 जनवरी 2026 को तय थी. घर में हल्दी, संगीत और कार्ड बंटवाने की तैयारी चल रही थी. लेकिन अचानक आए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. विशाल के परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव को ब्यावरा ले गए और वहीं अंतिम संस्कार किया गया.
पुलिस क्या कह रही है
नरवर थाना प्रभारी बल्लू मंडलोई ने बताया कि आयशर वाहन को जब्त कर लिया गया है. चालक की पहचान की जा रही है. उन्होंने कहा कि रॉन्ग साइड ड्राइविंग कई बार घातक साबित होती है और युवाओं को रात में तेज रफ्तार से परहेज करना चाहिए. पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों से भी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है.
हाईवे पर बढ़ते हादसों का पैटर्न
उज्जैन-देवास रोड पिछले दो वर्षों में कई बार गंभीर दुर्घटनाओं का केंद्र रहा है. विशेषज्ञ मानते हैं कि यहां रात में भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है. दताना-मताना क्षेत्र में सड़क संकरी है और कई मोड़ों पर चेतावनी संकेत भी अपर्याप्त हैं. स्थानीय लोगों की मानें तो यातायात विभाग यदि इस रूट पर रात में गश्त बढ़ाए तो हादसों की संख्या कम हो सकती है.
About the Author
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें
.