30 जनवरी का राशिफल: कुंभ राशि के लोगों को प्रमोशन मिल सकता है, तुला और मिथुन राशि वालों को रुका पैसा वापस मिलने के योग हैं

  • Hindi News
  • Jeevan mantra
  • Jyotish
  • Aaj Ka Rashifal (Horoscope Today)| Daily Rashifal Friday (30 January 2026), Daily Zodiac Forecast: Singh Rashi, Kanya, Aries, Taurus, Gemini Cancer Libra, And Other Signs

51 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

30 जनवरी, शुक्रवार को वृष राशि वालों के रुके काम पूरे होंगे। मिथुन राशि वालों ने किसी को उधार पैसा दिया हुआ था तो वापस मिलने की संभावना है। सिंह राशि वालों की समस्या सुलझेगी। कन्या राशि वालों की प्रॉपर्टी से जुड़ी रुकी बात आगे बढ़ सकती है। तुला राशि के लोगों को रुका पैसा वापस मिल सकता है। वृश्चिक राशि वालों को जरूरी सूचना और करियर में आगे बढ़ने के मौके मिलेंगे। धनु राशि वालों को गाड़ी और प्रॉपर्टी से फायदा मिल सकता है। कुंभ राशि के लोगों को प्रमोशन मिल सकता है।

मेष – पॉजिटिव- आपकी रचनात्मक और व्यावहारिक सोच दिनचर्या को व्यवस्थित रखने में मदद करेगी। साथ ही आपसी संबंधों में मधुरता रहेगी। ससुराल पक्ष के किसी सदस्य की परेशानी दूर करने में आपका उचित योगदान रहेगा। बच्चों की अच्छी प्रोग्रेस देखकर मन प्रसन्न रहेगा। नेगेटिव- अजनबी और अपरिचित लोगों से लेन-देन में सावधानी बरतने की आवश्यकता है। खर्चों पर नियंत्रण रखें, इससे आपकी आर्थिक व्यवस्था में काफी हद तक सुधार आएगा। विद्यार्थियों में भी एकाग्रता का अभाव हो सकता है। वरिष्ठ लोगों से मतभेद में न पड़ें।

व्यवसाय- कार्यस्थल पर कर्मचारियों तथा ग्राहकों के साथ मित्रवत व्यवहार रखें। इससे आपको भी प्रसन्नता मिलेगी। आपका मार्केटिंग और संपर्कों का दायरा पहले से अधिक विस्तृत होने वाला है। आपको ऋण भी लेना पड़ सकता है, परंतु फायदे के लिए ही होगा। लव- घर-परिवार में खुशनुमा और सामंजस्यपूर्ण वातावरण रहेगा। किसी अविवाहित सदस्य के विवाह से जुड़ा उचित रिश्ता भी आ सकता है। स्वास्थ्य- ब्लड प्रेशर और डायबिटीज से जुड़ी नियमित जांच करवाएं तथा इलाज लें। पारंपरिक इलाज लेना ज्यादा उत्तम रहेगा। भाग्यशाली रंग- पीला, भाग्यशाली अंक- 5

वृष – पॉजिटिव- अपनी काबिलियत पर भरोसा रखें तथा आगे बढ़ें। आपको कोई भी महत्वपूर्ण निर्णय लेने में सहजता महसूस होगी। पिछले कुछ समय से चल रहे कार्य संपन्न होंगे और आप अपना समय आराम और कलात्मक कार्यों में व्यतीत करेंगे। नेगेटिव- विरोधी पक्ष आपके लिए कोई परेशानी पैदा कर सकते हैं। हालांकि वे लोग आपका नुकसान नहीं कर पाएंगे। अपने बजट पर ध्यान रखें तथा आवश्यकता अनुसार ही पैसा खर्च करें। युवा वर्ग आलस और मौज-मस्ती में ज्यादा समय व्यतीत न करें।

व्यवसाय- व्यवसाय में किसी अनुभवी की मदद से आपका कोई रुका हुआ कार्य संपन्न होने वाला है, इसलिए आलस छोड़कर भरपूर मेहनत करें। अपने संपर्क सूत्रों और पब्लिक रिलेशन को बेहतर बनाने की जरूरत है। प्रोडक्शन के साथ-साथ मार्केटिंग पर भी ध्यान दें। लव- घर-परिवार में शांतिपूर्ण माहौल रहेगा। प्रेम संबंधों को विवाह में बदलने के योग बन रहे हैं। स्वास्थ्य- घुटनों और जोड़ों में दर्द की समस्या बढ़ सकती है। गैस और बादी वाली चीजों का सेवन न करें। भाग्यशाली रंग- बदामी, भाग्यशाली अंक- 6

मिथुन – पॉजिटिव- आज भविष्य से जुड़ी योजनाओं पर विचार-विमर्श कर सकते हैं, सिर्फ कोई भी निर्णय लेने से पहले उचित योजना बनानी होगी। दिन के उत्तरार्ध में उधार दिया हुआ पैसा भी वापस मिलने की संभावना है। किसी नए संपर्क की ओर बढ़ेंगे। नेगेटिव- पब्लिक प्लेस पर किसी बात को लेकर विवाद की स्थिति बन सकती है। बातचीत करते समय सही शब्दों का चयन करें। युवाओं में आलस की वजह से काम को टालने की प्रवृत्ति भी रहेगी। किसी भी कार्य को शुरू करने से पहले भ्रमित होने से बचें।

व्यवसाय- इस समय कार्य क्षेत्र पर आपकी उपस्थिति रखना अनिवार्य है। कोई पार्टनरशिप से जुड़ा निर्णय लेने से पहले पेपरवर्क करना या कॉन्ट्रैक्ट बनाना जरूरी है। अपने स्टाफ और कर्मचारियों की सलाह पर भी ध्यान दें। सरकारी नौकरी में कार्यभार कुछ कम होने से राहत मिलेगी। लव- परिवार तथा बच्चों की सुख-सुविधाओं और जरूरतों का ध्यान रखना आपका प्रयास रहेगा। युवाओं के प्रेम संबंध और अधिक मजबूत होंगे। स्वास्थ्य- व्यस्त दिनचर्या में से कुछ समय अपने आराम के लिए भी जरूर निकालें। सर्वाइकल और कंधों में दर्द जैसी स्थिति रह सकती है। भाग्यशाली रंग- गुलाबी, भाग्यशाली अंक- 9

कर्क – पॉजिटिव- कहीं निवेश करने की योजना है, तो पहले उससे जुड़ी जानकारी हासिल कर लें, फिर निर्णय लें। यह निवेश आपको भविष्य में फायदा देने वाला है। विदेश में रह रहे किसी परिजन की ओर से शुभ समाचार मिलने से मन में सुकून और राहत रहेगी। आपका कोई मन मुताबिक कार्य संपन्न हो सकता है। नेगेटिव- किसी कानूनी नियम का उल्लंघन करने से आप मुश्किल में पड़ सकते हैं। जिसकी वजह से थाने आदि के चक्कर लगने की भी आशंका है। युवा वर्ग अपने किसी कार्य में असफलता मिलने पर घबराने के बजाय पुनः प्रयास करें। किसी भी कार्य में अंतिम निर्णय वरिष्ठ लोगों का ही रखें।

व्यवसाय- व्यवसाय में उचित व्यवस्था बनाए रखने में आपको अपनी कार्यप्रणाली में कुछ सुधार लाना होगा। पार्टनरशिप व्यवसाय में अपनी जिम्मेदारियों को समझें और समय पर पूरी करने की कोशिश करें। आय की स्थिति अभी मंद रहेगी, परंतु आर्थिक रूप से कोई परेशानी नहीं आएगी। लव- जीवनसाथी के साथ पारिवारिक मामलों को लेकर कुछ कहा-सुनी हो सकती है, शांत मन से समस्या का समाधान निकालें। मित्रों के साथ आपसी मेल-मुलाकात से मन प्रसन्न रहेगा। स्वास्थ्य- गैस और बदहजमी बढ़ाने वाली चीजों का सेवन न करें, स्वास्थ्य की वजह से आपकी सोच भी प्रभावित हो सकती है। थोड़ी सी सावधानी आपको स्वस्थ रखेगी। भाग्यशाली रंग- आसमानी, भाग्यशाली अंक- 6

सिंह – पॉजिटिव- आज व्यक्तिगत या परिवार से जुड़ी चल रही किसी समस्या का समाधान मिलने वाला है तथा अपनी जीवनशैली और दिनचर्या में कुछ परिवर्तन लाएंगे। आपका सकारात्मक व्यवहार दूसरों पर बेहतरीन छाप छोड़ेगा। किसी यात्रा का भी प्लान बनेगा। नेगेटिव- विवादित मामलों को सुलझाने में बहुत अधिक मेहनत करनी पड़ेगी। बेहतर होगा कि किसी अनुभवी व्यक्ति का मार्गदर्शन लें। अपने किसी व्यक्तिगत कार्य में व्यवधान आने से मन में कुछ उदासी रह सकती है। परंतु घबराने के बजाय पुनः प्रयास करें।

व्यवसाय- व्यवसाय में नए अनुबंध हासिल होंगे। तथा अन्य कई योजनाओं पर भी विचार-विमर्श होगा। युवा वर्ग अपने करियर में गलत लक्ष्य का चुनाव न करें। अपनी कार्यप्रणाली गोपनीय रखें। नौकरी में नई संभावनाएं मिलेंगी। लव- घर में सुख-शांति का माहौल रहेगा। प्रेमी-प्रेमिका का आपसी सामंजस्य तथा भावनात्मक लगाव मजबूत रहेगा। स्वास्थ्य- स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। सिर्फ अत्यधिक काम की वजह से थकान हावी रहेगी। भाग्यशाली रंग- ऑरेंज, भाग्यशाली अंक- 8

कन्या – पॉजिटिव- समय के साथ परिस्थितियां नियंत्रण में आ रही हैं, इसलिए पूर्ण आत्मविश्वास के साथ अपने कार्यों पर ध्यान दें। पैतृक प्रॉपर्टी से जुड़ा कोई मामला अटका हुआ है, तो आज उसके आसानी से हल होने की संभावना है। आध्यात्मिक यात्रा का भी कोई प्रोग्राम बनेगा। नेगेटिव- किसी संबंधी या पड़ोसी से कोई वाद-विवाद होता है, तो आपको इससे बचना होगा। लापरवाही की वजह से कुछ लोग अपने लक्ष्य से भटक सकते हैं। अपनी महत्वपूर्ण चीजों तथा दस्तावेजों को खुद संभालें, दूसरों पर निर्भर न रहें।

व्यवसाय- व्यवसाय में कुछ नए अवसर हासिल होंगे। लेकिन अभी अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए बहुत अधिक मेहनत की भी जरूरत है। प्रॉपर्टी से जुड़े व्यवसाय में कोई खास डील हो सकती है। व्यापार में विस्तार से जुड़ी योजनाएं स्थगित रखें। लव- पति-पत्नी के संबंध खुशनुमा रहेंगे तथा परिवार के साथ किसी समारोह में जाने का भी अवसर मिलेगा। स्वास्थ्य- वंशानुगत रोग फिर से उभर सकता है। इसलिए लापरवाही न बरतें तथा व्यवस्थित दिनचर्या रखें। भाग्यशाली रंग- केसरिया, भाग्यशाली अंक- 5

तुला – पॉजिटिव- आज कोई ऐसी सुखद घटना घट सकती है, कि आप खुद आश्चर्यचकित रह जाएंगे। घर या व्यवसाय में मैनेजमेंट संभाल रहे लोग अपना काम बखूबी निभाएंगे। महिलाओं को आज स्वास्थ्य की दृष्टि से बेहतर महसूस होगा और खुद के व्यक्तित्व को बेहतर करने का प्रयास करेंगी। नेगेटिव- अपनी छोटी-छोटी समस्याओं की वजह से तनाव में न आएं। पड़ोसियों के साथ कोई भी विवाद की स्थिति बनने पर शांति और धैर्य रखना जरूरी है। अपने बजट से ज्यादा खर्च करने पर आर्थिक समस्या रहेगी। इस समय यात्रा करना समय और पैसे का नुकसान रहेगा।

व्यवसाय- व्यापार को बढ़ाने के लिए की गई प्लानिंग को लागू करने का उचित समय है। लेकिन अपने किसी भी प्लान को दूसरों से शेयर न करें। रुकी हुई पेमेंट आदि आज वापस मिलने की संभावना है। अधिकतर काम दिन के पहले पक्ष में ही निपटा लें तो ज्यादा उचित रहेगा। लव- परिवार जनों के साथ किसी मनोरंजक प्रोग्राम को बनाना यादगार पलों में शामिल होगा। प्रेम संबंधों को विवाह में बदलने के लिए पारिवारिक स्वीकृति मिल सकती है। स्वास्थ्य- ज्यादा काम के दबाव की वजह से पैरों में दर्द और थकान महसूस हो सकती है। अपने स्वास्थ्य की देखभाल को प्राथमिकता पर रखें। भाग्यशाली रंग- आसमानी, भाग्यशाली अंक- 4

वृश्चिक – पॉजिटिव- फोन कॉल या ईमेल के माध्यम से कोई महत्वपूर्ण सूचना मिलेगी और आपका कोई कार्य बेहतरीन तरीके से संपन्न भी होगा। मित्रों के साथ भी विशेष मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा। विवाह के इच्छुक लोगों के लिए कोई खुशखबरी मिलने की संभावना है। नेगेटिव- वरिष्ठ तथा प्रभावशाली लोगों के साथ वाद-विवाद में न पड़ें तथा अपने कार्यों पर ध्यान दें। फोन और इंटरनेट के जरिए सबके संपर्क में रहें। बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखना जरूरी है। दिनचर्या व्यवस्थित बनाकर रखें।

व्यवसाय- कारोबार में मार्केटिंग से जुड़ी गतिविधियों पर ज्यादा ध्यान दें। अनुभवी लोगों का मार्गदर्शन आपके लिए सहायक रहेगा। नौकरी में पदोन्नति या वेतन वृद्धि की भी संभावना है। उच्च अधिकारियों का भी सहयोग बना रहेगा। लव- पति-पत्नी के आपसी संबंधों में चल रही छोटी-मोटी गलतफहमियां दूर होंगी और इससे आपसी संबंध भी बेहतर होंगे। प्रेम संबंध में गंभीरता रहेगी। स्वास्थ्य- सिर दर्द, तनाव आदि जैसी समस्याएं आपको परेशान करेंगी। मेडिटेशन, योग आदि पर अधिक ध्यान दें। भाग्यशाली रंग- केसरिया, भाग्यशाली अंक- 1

धनु – पॉजिटिव- कोई प्रॉपर्टी या वाहन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो तुरंत निर्णय लेना फायदेमंद रहेगा। पारिवारिक या सामाजिक गतिविधियों में आपकी कार्यकुशलता तथा योग्यता की सराहना होगी। अपनी रुचि और रचनात्मक कार्यों में कुछ समय व्यतीत करने से मानसिक सुकून मिलेगा। नेगेटिव- दूसरों पर ज्यादा भरोसा न करके अपनी क्षमताओं पर ही विश्वास रखें। ध्यान रखें कि आपका कोई नजदीकी संबंधी आपके खिलाफ गलतफहमियां उत्पन्न कर सकता है। इस समय पैसे से जुड़े किसी भी प्रकार के लेनदेन से बचें।

व्यवसाय- व्यवसाय में किसी कार्य में दिक्कत आने पर पारिवारिक सदस्यों की मदद लेना लाभदायक रहेगा। कोई बेहतरीन ऑर्डर मिलने से आर्थिक स्थिति भी बेहतर होगी। नौकरी में स्थान परिवर्तन जैसी संभावनाएं सामने आएंगी, जो सुखद भी रहेंगी। लव- दांपत्य जीवन में मधुरता रहेगी। प्रेम संबंधों में नजदीकियां लाने के लिए विश्वास कायम रखना जरूरी है। स्वास्थ्य- मानसिक शांति और सुकून के लिए कुछ समय प्रकृति के सानिध्य में व्यतीत करें तथा सकारात्मक बने रहें। भाग्यशाली रंग- नीला, भाग्यशाली अंक- 2

मकर – पॉजिटिव- कुछ समय अपने मनोनुकूल कार्यों में व्यतीत करने से मानसिक सुकून मिलेगा और आप अपनी पारिवारिक व व्यावसायिक जिम्मेदारियों को बखूबी अंजाम देंगे। यश, कीर्ति और मान-सम्मान में बढ़ोतरी होगी। किसी विशेष कार्य को लेकर भी विचार-विमर्श होगा। नेगेटिव- कहीं भी वाद-विवाद जैसी स्थिति में न पड़ें। अनावश्यक खर्च परेशान करेंगे और इस वजह से बजट व्यवस्था भी बिगड़ सकती है। इस समय किसी भी तरह की आवाजाही करना समय का नुकसान ही है। अनावश्यक खर्चों पर काबू पाएं।

व्यवसाय- कार्य क्षेत्र में बेहतरीन व्यवस्था की वजह से लगभग अधिकतर काम निर्विघ्न पूरे होते जाएंगे। आर्थिक स्थिति भी पहले से बेहतर होगी। ऑफिस में अपने कार्यों को समय पर निपटा लें, अन्यथा उच्च अधिकारियों की नाराजगी सहन करनी पड़ सकती है। लव- घर-परिवार की देखभाल में आपका सहयोग रहेगा, जिससे उचित व्यवस्था बनी रहेगी। प्रेम प्रसंगों से दूरी बनाकर रखें। स्वास्थ्य- नजला, जुकाम व बुखार जैसी परेशानी रहेगी। मौसमी बचाव अवश्य करें। तथा कुछ न कुछ आयुर्वेदिक चीजों को भी अपने भोजन में शामिल करें। भाग्यशाली रंग- लाल, भाग्यशाली अंक- 9

कुंभ – पॉजिटिव- आज कुछ खास लोगों के साथ मिलने का मौका मिलेगा। कुछ समय से आप जिन कार्यों के लिए प्रयासरत थे, आज उन कार्यों को पूर्ण करने का समय आ गया है। अपनी अन्य जिम्मेदारियों को भी बड़ी सहजता से निपटा लेंगे। विद्यार्थियों की किसी सब्जेक्ट को लेकर चल रही समस्याएं दूर होंगी। नेगेटिव- किसी भी परिस्थिति में अपने ऊपर तनाव न हावी होने दें तथा अपना मनोबल बनाए रखें। इस बात का भी ध्यान रखें, कि आपका गुस्सा या कटु वाणी दूसरों को चोट पहुंचा सकती है। बच्चों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनें और सुलझाने का भी प्रयास करें।

व्यवसाय- इस समय पब्लिक डीलिंग, ऑनलाइन, मीडिया आदि से संबंधित व्यवसाय में गतिविधियां उचित रूप से चलती रहेंगी। अनुभवी लोगों से मेलजोल बढ़ाने पर सफलता का प्रतिशत बढ़ सकता है। अपने कार्य के प्रमोशन पर भी ध्यान दें। नौकरी में अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का उचित सहयोग बना रहेगा। लव- जीवनसाथी के साथ तनाव का असर परिवार पर भी पड़ सकता है। परंतु आपका सहयोग व समझदारी स्थिति को संभाल लेगी। स्वास्थ्य- काम के साथ अब आराम भी लेने की आवश्यकता है। अत्यधिक कार्यभार की वजह से थकान और चिड़चिड़ापन जैसी स्थिति रहेगी। भाग्यशाली रंग- सफेद, भाग्यशाली अंक- 1

मीन – पॉजिटिव- यह स्थिति आपको शुभ अवसर प्रदान कर रही है। ऐसे में बेहतर है, कि छोटी-मोटी बातों को महत्व न दें तथा अपने कार्य पर ही ध्यान दें। किसी खास व्यक्ति से मुलाकात द्वारा आपको बेहतर अनुभव मिल सकते हैं। प्रॉपर्टी से जुड़ी खरीद-फरोख्त के रुके हुए कार्य संपन्न होंगे। नेगेटिव- भावनाओं में बहकर कोई भी निर्णय न लें। दोपहर बाद लेनदेन को लेकर कुछ गलतफहमी हो सकती है। बच्चों को उनके मन मुताबिक कार्यों में कुछ समय अवश्य व्यतीत करने दें। इससे उनका बौद्धिक विकास बेहतरीन तरीके से होगा। आपके सरल स्वभाव का कुछ लोग नाजायज फायदा भी उठा सकते हैं।

व्यवसाय- व्यवसाय में किसी बड़ी कार्य योजना को लागू करने का अनुकूल समय है। चुनौतियों का डटकर सामना करने से परिस्थितियां पक्ष में हो जाएंगी। युवा वर्ग को नौकरी से संबंधित दी गई प्रतियोगिता का सकारात्मक रिजल्ट प्राप्त होगा। ऑफिस के कार्य की अधिकता बनी रहेगी। लव- जीवनसाथी के साथ घर की व्यवस्था को लेकर सकारात्मक विचार-विमर्श होंगे। प्रेम संबंधों में समय व्यर्थ न करें। स्वास्थ्य- नकारात्मक विचारों को अपनी दिनचर्या में स्थान न दें। मानसिक रूप से स्वस्थ बने रहने के लिए मेडिटेशन अवश्य करें। भाग्यशाली रंग- बदामी, भाग्यशाली अंक- 7

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *