Homemade Toner: हर महीने महंगे टोनर पर खर्च हो रहा पैसा? जानिए घर की चीजों से कैसे बनाएं सस्ता और असरदार होममेड टोनर

Homemade Toner: आजकल स्किन केयर का मतलब सिर्फ फेसवॉश और क्रीम तक सीमित नहीं रह गया है. टोनर भी अब लोगों की डेली रूटीन का अहम हिस्सा बन चुका है. खासकर सर्दियों के मौसम में जब ठंडी हवा चेहरे की नमी छीन लेती है, तब स्किन रूखी, खिंची-खिंची और बेजान दिखने लगती है. ऐसे में लोग बाजार से महंगे टोनर खरीद लाते हैं, जिन पर बड़े-बड़े दावे लिखे होते हैं. शुरुआत में तो इनसे थोड़ी ताजगी मिलती है, लेकिन कुछ समय बाद असर कम दिखने लगता है. ऊपर से केमिकल वाले प्रोडक्ट कई बार स्किन में जलन, दाने या रेडनेस भी पैदा कर देते हैं, अगर आप भी हर महीने टोनर पर अच्छा-खासा पैसा खर्च कर रहे हैं, तो अब रुक जाइए. अच्छी बात ये है कि टोनर बनाने के लिए किसी खास या महंगी चीज की जरूरत नहीं होती. आपके किचन और फ्रिज में ही ऐसी कई चीजें मौजूद हैं, जिनसे आप आसानी से घर पर टोनर तैयार कर सकते हैं. ये टोनर ना सिर्फ सस्ते पड़ते हैं, बल्कि स्किन के लिए ज्यादा सेफ भी होते हैं. इनमें किसी तरह का नुकसानदेह केमिकल नहीं होता और आप अपनी स्किन टाइप के हिसाब से इन्हें बना सकते हैं. आज इस आर्टिकल में हम आपको ऐसे ही आसान और असरदार होममेड टोनर के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आप कुछ मिनटों में तैयार कर सकते हैं. इनसे स्किन को ताजगी मिलेगी, नमी बनी रहेगी और चेहरे पर नैचुरल ग्लो भी नजर आएगा.

1. ग्रीन टी से बनाएं टोनर
ग्रीन टी आजकल ज्यादातर घरों में मिल ही जाती है. ये सिर्फ सेहत के लिए ही नहीं, स्किन के लिए भी काफी फायदेमंद मानी जाती है. ग्रीन टी में एंटीऑक्सिडेंट पाए जाते हैं, जो चेहरे को फ्रेश रखने में मदद करते हैं और ओपन पोर्स की परेशानी को भी कम करते हैं.

कैसे बनाएं:
एक कप पानी में ग्रीन टी डालकर अच्छे से उबाल लें. अब इसे पूरी तरह ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद इस पानी को छानकर स्प्रे बोतल में भर लें.

कैसे इस्तेमाल करें:
फेस वॉश करने के बाद इस टोनर को चेहरे पर हल्का स्प्रे करें. इससे स्किन में तुरंत ठंडक और ताजगी महसूस होगी.

2. एलोवेरा से तैयार करें नेचुरल टोनर
एलोवेरा को स्किन के लिए किसी वरदान से कम नहीं माना जाता. ये ड्राईनेस, जलन और रूखेपन की परेशानी को कम करने में काफी मदद करता है. सर्दियों में जिन लोगों की स्किन ज्यादा ड्राई रहती है, उनके लिए ये टोनर काफी अच्छा रहता है.

कैसे बनाएं:
2 चम्मच ताजा एलोवेरा जेल लें और इसमें आधा कप साफ पानी मिलाएं. इसे अच्छे से मिक्स करें और स्प्रे बोतल में भर लें.

कैसे इस्तेमाल करें:
दिन में दो बार फेस साफ करने के बाद इसे चेहरे पर लगाएं. इससे स्किन हाइड्रेट रहेगी और मुलायम भी बनेगी.

3. गुलाबजल और खीरे का टोनर
गुलाबजल और खीरा दोनों ही स्किन को ठंडक देने के लिए जाने जाते हैं. ये टोनर खासकर उन लोगों के लिए अच्छा है, जिनकी स्किन रूखी और बेजान दिखती है.

कैसे बनाएं:
एक खीरे को कद्दूकस करके उसका रस निकाल लें. अब इसमें बराबर मात्रा में गुलाबजल मिलाएं. इस मिक्सचर को स्प्रे बोतल में भर लें.

कैसे इस्तेमाल करें:
सुबह और रात फेस वॉश के बाद इस टोनर को चेहरे पर स्प्रे करें. इससे चेहरे पर नमी बनी रहेगी और ड्राईनेस कम होगी.

4. नींबू से बनाएं क्लीनिंग टोनर
नींबू स्किन को साफ करने में मदद करता है और चेहरे पर जमा गंदगी को हटाने का काम करता है. ऑयली स्किन वालों के लिए ये टोनर काफी अच्छा माना जाता है.

कैसे बनाएं:
एक गिलास पानी में आधा चम्मच नींबू का रस मिलाएं. इसे अच्छे से मिक्स करके स्प्रे बोतल में भर लें.

कैसे इस्तेमाल करें:
हफ्ते में 2 से 3 बार ही इसका इस्तेमाल करें. ज्यादा लगाने से स्किन ड्राई हो सकती है.

होममेड टोनर इस्तेमाल करते वक्त ध्यान रखने वाली बातें
– टोनर हमेशा साफ चेहरे पर ही लगाएं
– किसी भी नए टोनर को लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें
– फ्रिज में रखकर टोनर इस्तेमाल करने से ज्यादा ताजगी मिलती है
– 7 से 10 दिन के अंदर टोनर नया बनाकर इस्तेमाल करें

(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *